इलेक्शन

ममता को मिली करारी हार तो बचाव में उतरे राहुल गांधी, बोले- बंगाल में 100 से ज्यादा सीट हो गई चोरी

Assembly Election Results: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा ने चुनाव आयोग की मदद से चुनाव की चोरी की है।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फोटो साभार: @INCIndia)

Photo : Twitter

Assembly Election Results: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनाव आयोग की मदद से चुनाव की चोरी की है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस दावे का समर्थन किया कि पश्चिम बंगाल में 100 सीट की लूट की गई है।

'हम ममता जी से सहमत'

राहुल गांधी ने 'एक्स' पर लिखा, "भाजपा द्वारा निर्वाचन आयोग के सहयोग से असम और बंगाल के चुनाव चोरी किए जाने के स्पष्ट मामले हैं। हम ममता जी से सहमत हैं। बंगाल में 100 से ज्यादा सीट चोरी हो गईं।" गांधी ने कहा, "हमने पहले भी यह तरकीब देखी है।" कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मध्य प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और पिछले लोकसभा चुनाव में यह देखने को मिला था। उन्होंने कहा, "चुनाव चोरी, संस्था चोरी - अब और चारा ही क्या है!"

बंगाल में कांग्रेस का निराशाजनक प्रदर्शन

बंगाल में 2021 में हुए विधानसभा चुनावों में अपना खाता तक खोल पाने में नाकाम रही कांग्रेस ने 2026 के चुनाव में दो सीट पर जीत हासिल की है। सोमवार को घोषित नतीजों के मुताबिक, फरक्का और रानीनगर विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस उम्मीदवार विजयी हुए हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार, फरक्का में कांग्रेस उम्मीदवार मोताब शेख ने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा उम्मीदवार सुनील चौधरी को 8,193 मतों के अंतर से हराया। क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी अमीरुल इस्लाम तीसरे स्थान पर रहे। आयोग के मुताबिक, शेख को कुल 63,050 वोट हासिल हुए, जबकि चौधरी को 54,857 वोट और इस्लाम को 47,256 वोट मिले।

चुनाव आयोग के अनुसार, रानीनगर में कांग्रेस उम्मीदवार जुल्फिकार अली ने तृणमूल प्रत्याशी सौमिक हुसैन को 2,701 मतों के अंतर से हराया। आयोग ने बताया कि कड़े मुकाबले में अली को 79,423 वोट मिले, जबकि हुसैन को 76,722 मत हासिल हुए। रानीगंज में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का उम्मीदवार तीसरे और भाजपा प्रत्याशी चौथे स्थान पर रहा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article