MCD Polls 2022: दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र आ गया है। "मेरी चमकती दिल्ली" नाम से लाए गए इस मैनिफेस्टो को बुधवार (30 नवंबर, 2022) को राजधानी स्थित पार्टी कार्यालय में जारी किया गया। कांग्रेस ने इसमें मुफ्त आरओ वॉटर देने का वादा किया है।
मैनिफेस्टो जारी करने के दौरान कांग्रेस नेताओं के निशाने पर रही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और आम आदमी पार्टी (आप) रहीं। दिल्ली कांग्रेस प्रभारी डॉ. अजॉय कुमार ने पत्रकारों को बताया, "आप और बीजेपी ने दिल्ली का हाल बेहाल कर दिया है। प्रदूषण, जहरीला पानी और गंदी हवा है...आप ने कोई नया अस्पताल आठ साल में नही बनाया। दूषित जल से दिल्ली में बच्चों की मौत हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दिल्ली आज भी लोकप्रिय सीएम दिवंगत शीला दीक्षित को याद करती है। एमसीडी में जीत के बाद आधे दाम में दवा देने के लिए शीला दीक्षित स्वास्थ्य योजना चालू की जाएगी। घरेलू कर्मचारियों को आर्थिक मदद के लिए शीला दीक्षित घरेलू मजदूर कल्याण योजना लागू की जाएगी। साथ ही बुलडोजर तंत्र से दिल्ली को मुक्त कराया जाएगा और कहीं भी बुलडोजर चलने नहीं दिया जाएगा।
एक नजर में जानिए क्या-कुछ किए कांग्रेस ने वादे?
- दिल्ली हर घर में RO की व्यवस्था होगी, ताकि शुद्ध पेयजल मिल सके
- एमसीडी के स्कूल को डे बोर्डिंग बनाया जाएगा, बच्चो की सुरक्षा बढ़ेगी. दिहाड़ी मजदूर अपने बच्चो को सुबह स्कूल में छोड़ सकते हैं
- हाउस टैक्स पिछला माफ अगला हाफ, गांव और 32 गज से नीचे के फ्लैट में पूर्ण माफ
- कचरे का 100 प्रतिशत डोर टू डोर कलेक्शन होगा
- अगले 5 वर्ष में ग्रीन क्षेत्र को 23% से बढ़ाकर 32% करने का लक्ष्य
- आधी कीमत पर दवाएं दी जाएंगी
- छठ घाटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
