Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुके हैं और अब सभी को 4 मई को आने वाले नतीजों का इंतजार है। इससे पहले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे एवं तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के सभी काउंटिंग एजेंट के साथ वर्चुअल बैठक बैठक की।
ममता बनर्जी की काउंटिंग एजेंट्स से खास अपील
इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने भरोसा जताया कि टीएमसी 294 में से 200 से अधिक सीटें जीतकर फिर से सत्ता में लौटेगी। इस बैठक में 291 विधानसभा सीटों के काउंटिंग एजेंट्स शामिल हुए। इस दौरान, ममता बनर्जी ने काउंटिंग एजेंट्स से एग्जिट पोल और विपक्षियों के प्रचार पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने दावा किया, ''टीएमसी कम से कम 200 सीटें जरूर जीतेगी।''
मतगणना केंद्रों पर डटे रहें
ममता बनर्जी ने एजेंट्स को निर्देश दिया कि वह पूरे समय मतगणना केंद्रों पर डटे रहें और हर स्थिति की जानकारी पार्टी नेतृत्व को देते रहें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर किसी सीट पर टीएमसी उम्मीदवार 200-300 वोटों के कम अंतर से हारता है, तो एजेंट्स को दोबारा मतगणना (रीकाउंटिंग) की मांग जरूर करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चुनावों में एग्जिट पोल वास्तविक नतीजों से काफी अलग रहे हैं और उनका मकसद भ्रम फैलाना होता है।
सतर्क रहें एजेंट्स
इस दौरान, अभिषेक बनर्जी ने भी एजेंट्स को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खासतौर पर पोस्टल बैलेट्स की गिनती में यदि मामूली अंतर से हार होती है, तो रीकाउंटिंग पर जोर दें। साथ ही, मतगणना केंद्रों पर किसी भी असामान्य गतिविधि, जैसे बिजली कटौती जैसी घटनाओं, की तुरंत जानकारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को देने के निर्देश दिए।
2 घंटे लंबी चली वर्चुअल बैठक
बता दें कि वर्चुअल बैठक करीब दो घंटे लंबी चली, जिसमें मतगणना प्रक्रिया से जुड़े अहम पहलुओं पर चर्चा की गई।
