इलेक्शन

MCD Polls से पहले AAP के हो गए महाबल मिश्रा: केजरीवाल ने मंच पर गले लगाया, पटका पहना बनाया मेंबर

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Nov 20, 2022, 01:23 PM IST

MCD Polls 2022: चार दिसंबर को होने वाला एमसीडी चुनाव जीतने का भरोसा जताते हुए केजरीवाल ने कहा, हम एमसीडी चुनावों में जीत दर्ज करेंगे, बस यह देखना चाहते हैं कि हमें कितनी सीट मिलती हैं।

Image

महाबल मिश्रा आप में आने से पहले कांग्रेस में थे।

Photo : ANI

MCD Polls 2022: दिल्ली में एमसीडी चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा आप में शामिल हो गए। रविवार (20 नवंबर, 2022) को पहाड़गंज में प्रचार अभियान के दौरान एक जनसभा के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी मेंबर बनवाया।

सभा में अपनी बात रखने के बाद उन्होंने नीचे खड़े महाबल को मंच पर बुलाया और फिर वहीं गले लगाया। बाद में सीएम ने उन्हें आप के चुनाव चिह्न वाला पटका पहनाकर पार्टी सदस्य बनवाया। मौके पर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने मिश्रा से इस दौरान कहा- भाई साहब, एक और जीत होगी।

सीएम ने अपने संबोधन के बीच अपील करते हुए कहा- आप दिल्ली में उन लोगों को वोट मत देना, जो विकास और कल्याण कार्य रोकना चाहते हैं। भाजपा ने दिल्लीवासियों को बिजली की नि:शुल्क आपूर्ति रोकने की साजिश रची है, मैं उन्हें कामयाब नहीं होने दूंगा। अपने विधानसभा चुनाव में मुझे 70 में से 67 सीट दी थीं, मैं उससे कम कुछ नहीं चाहता।

प्रचार अभियान के दौरान आप की ओर से एक नारा भी दिया गया, देखें:

उन्होंने दिल्ली सरकार के काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए उपराज्यपाल कार्यालय और भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने मेरा काम करने के लिए एलजी साहब को तैनात किया है। उन लोगों को वोट मत दीजिए जो दिल्ली की प्रगति रोकना चाहते हैं।’’

चार दिसंबर को होने वाला एमसीडी चुनाव जीतने का भरोसा जताते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘हम एमसीडी चुनावों में जीत दर्ज करेंगे, बस यह देखना चाहते हैं कि हमें कितनी सीट मिलती हैं। आपने विधानसभा चुनाव में मुझे 70 में से 67 सीट दी थीं। मुझे ऐसी जीत का स्वाद चखने की आदत है। मुझे इससे कम कुछ भी नहीं चाहिए।’’

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article