Lok Sabha Election: मध्य प्रदेश में कांग्रेस को लगातार झटके पर झटका लग रहा है। कमलनाथ भले ही बीजेपी में शामिल नहीं हुए हों, लेकिन उनके कई करीबी और कई कांग्रेस नेता बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। मंगलवार को भी पूर्व विधायक समेत कई कांग्रेस नेता बीजेपी में शामिल हुए।
शशांक भार्गव बीजेपी में शामिल
विदिशा से पूर्व कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव मंगलवार शाम को राज्य पार्टी मुख्यालय में मुख्यमंत्री मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। भार्गव 2018 में विदिशा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुने गए थे। वह पहले कांग्रेस विधायक थे जो 1977 के बाद इस सीट से जीते थे, जिसे भाजपा का गढ़ माना जाता है। हालांकि, 2023 के विधानसभा चुनाव में भार्गव को हार का सामना करना पड़ा।
शिवराज सिंह चौहान हैं मैदान में
भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री चौहान को विदिशा लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है, जिसमें उनका गृह क्षेत्र बुधनी विधानसभा क्षेत्र भी शामिल है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भार्गव के साथ, रायसेन के जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा, विदिशा जिला कांग्रेस के पदाधिकारी सुरेश मोतियानी और विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम के कई अन्य कांग्रेस पदाधिकारी भी पार्टी में शामिल हुए।
क्या बोले सीएम
इन नेताओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का परिवार बढ़ रहा है। यादव ने कहा कि ये सभी नेता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भार्गव के साथ विदिशा की पूरी कांग्रेस, पार्टी में शामिल हो गई। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करेगी।
