इलेक्शन

Lok Sabha Chunav 2024, (Lucknow) UP: लखनऊ लोकसभा सीट पर 1991 से BJP का कब्जा, वाजपेयी ने लगातार 5 बार लहराया परचम, राजनाथ आगे बढ़ा रहे परंपरा

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 12, 2024, 03:33 PM IST

Lok Sabha Chunav 2024, Lucknow, UP Lok Sabha Seat: इस सीट का प्रतिनिधित्व भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने लगातार पांच बार 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में किया।

Image

लखनऊ लोकसभा सीट का समीकरण और इतिहास

Lok Sabha Chunav 2024, Lucknow, UP Lok Sabha Seat: लोकसभा चुनाव 2024 नजदीक हैं और कुछ ही दिनों में चुनाव कार्यक्रम का ऐलान हो सकता है। इस चुनाव में यूपी की भूमिका सबसे अहम रहेगी क्योंकि दिल्ली का रास्ता यूपी से ही होकर जाता है। जो यहां बाजी मारता है, दिल्ली पर वही राज करता है। यूपी में कुल 80 संसदीय सीटें हैं। ऐसे में एक नजर डालते हैं उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की अहम सीट पर। लखनऊ सीट में पांच विधानसभा क्षेत्र लखनऊ पश्चिम, लखनऊ उत्तर, लखनऊ पूर्व, लखनऊ मध्य और लखनऊ कैंट शामिल हैं। यह एक सामान्य सीट है।

वाजपेयी ने लगातार 5 बार लहराया परचम

लखनऊ में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के बीच रहता है। इस बार कांग्रेस-सपा गठबंधन बनाकर साथ लड़ रहे हैं। इस सीट का प्रतिनिधित्व भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने लगातार पांच बार 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में किया। इस अहम सीट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लगातार दो बार 2014 और 2019 चुनाव में जीत दर्ज कर चुके हैं। इस तरह इस सीट पर 1991 से ही बीजेपी का कब्जा है।

2019 में कुल मतदाता

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान लखनऊ निर्वाचन क्षेत्र में 20,40,367 मतदाता थे। इनमें से 10,96,455 पुरुष और 9,43,815 महिला मतदाता थे। 97 मतदाता तृतीय लिंग के थे। निर्वाचन क्षेत्र में 9,345 पोस्टल वोट थे। 2019 में लखनऊ में सर्विस मतदाताओं की संख्या 1,642 (1,457 पुरुष और 185 महिलाएं) थी।

2014 में कुल मतदाता

2014 में लखनऊ सीट पर मतदाताओं की कुल संख्या 19,49,956 थी. इनमें से 10,52,171 मतदाता पुरुष और 8,97,693 महिला मतदाता थे। इस निर्वाचन क्षेत्र में 92 मतदाता 'अन्य' श्रेणी के थे। निर्वाचन क्षेत्र में 3,638 डाक मत थे। 2014 में लखनऊ में सेवा मतदाताओं की संख्या 1,678 थी (1,094 पुरुष और 584 महिलाएं थीं)।

2014 में जीते राजनाथ

2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने पहली बार इस सीट से जीत हासिल की थी। उन्हें 54.23% वोट शेयर के साथ 5,61,106 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी को 2,88,357 वोट (27.87%) मिले और वह उपविजेता रहीं। राजनाथ सिंह ने रीता जोशी को 2,72,749 वोटों के अंतर से हराया। इस निर्वाचन क्षेत्र में डाले गए वैध वोटों की कुल संख्या 10,33,883 थी। बसपा उम्मीदवार नकुल दुबे 64,449 वोट (6.23%) के साथ तीसरे और सपा उम्मीदवार अभिषेक मिश्रा 56,771 वोट (5.49%) के साथ चौथे स्थान पर रहे। आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार और अभिनेता जावेद जाफरी महज 41,429 वोट (4.00%) के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

2019 में फिर जीते

2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने 3,47,302 वोटों के अंतर से लगातार दूसरी बार सीट जीती। उन्हें 56.64% वोट शेयर के साथ 6,33,026 वोट मिले। उन्होंने सपा उम्मीदवार पूनम शत्रुघ्न सिन्हा को हराया, जिन्हें 2,85,724 वोट (25.57%) मिले थे। कुल वैध मतों की संख्या 11,16,445 थी। कांग्रेस उम्मीदवार आचार्य प्रमोद कृष्णम 1,80,011 वोट (16.11%) के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

लखनऊ के दिग्गज विजेता

उम्मीदवारपार्टी वर्ष
राजनाथ सिंहबीजेपी2019
राजनाथ सिंहबीजेपी2014
लाल जी टंडनबीजेपी2009
अटल बिहारी वाजपेयीबीजेपी2004
अटल बिहारी वाजपेयीबीजेपी1999
अटल बिहारी वाजपेयीबीजेपी1998
अटल बिहारी वाजपेयीबीजेपी1996
अटल बिहारी वाजपेयीबीजेपी1991
मांधाता सिंहजनता दल1989
शीला कौलकांग्रेस1984
शीला कौलकांग्रेस1980
हेमवती नंदन बहुगुणाबीएलडी1977

लखनऊ का जातीय समीकरण

लखनऊ लोकसभा सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या करीब 36 लाख से ज्यादा है। 2011 की जनगणना के मुताबिक, लखनऊ जिले की आबादी 45.89 लाख है जिनमें पुरुषों की आबादी 23.94 लाख और महिलाओं की आबादी 21.95 लाख है। 2011 की जनगणना के अनुसार लखनऊ की कुल आबादी की 71.1 प्रतिशत जनसंख्या हिंदुओं की है। 26.36 प्रतिशत मुस्लिम हैं। अनुसूचित जाति की आबादी 14.3% हैं तो अनुसूचित जनजाति की आबादी 0.2% है। ब्राह्मण, राजपूत वोटर्स की संख्या करीब 18 प्रतिशत हैं। ओबीसी और मुस्लिम मतदाता 28-28 फीसदी हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article