इलेक्शन

तेज प्रताप के बयान पर आया खेसारी का जवाब; NDA को लिया आड़े हाथ, बोले- कल ये कह दें तो नहीं लड़ूंगा चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान छपरा सीट से आरजेडी प्रत्याशी खेसारी लाल यादव ने तेज प्रताप यादव के ‘नाचने वाला’ तंज पर प्रतिक्रिया दी। खेसारी ने खुद को गरीब परिवार का बेटा बताते हुए कहा कि वे रोजगार, शिक्षा और अस्पताल की बात करते हैं, जबकि एनडीए नेता धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं। उन्होंने कहा कि 20 साल से सत्ता में रहने के बावजूद युवा बेरोजगार हैं। खेसारी ने चुनौती दी कि अगर फैक्ट्री की नींव रखी जाए तो वे चुनावी राजनीति छोड़ देंगे।

Image

तेज प्रताप ने नौकरी देने को लेकर किया था तंज (स्क्रीनग्रैब : ANI)

Photo : ANI

Khesari on Tej Pratap: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच तेज हुई सियासी बयानबाजी के बीच छपरा विधानसभा सीट से RJD प्रत्याशी और भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने तेज प्रताप यादव के तंज पर बयान दिया है। जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने बीते दिनों मीडिया से बात करते हुए कहा था कि खेसारी लाल रोजगार की बात कर रहे हैं, लेकिन आखिर कौन सा रोजगार देंगे, ‘नाचने वाला’?

खेसारी लाल यादव ने इस टिप्पणी पर कहा कि तेज प्रताप उनके बड़े भाई हैं और वह इस तरह के बयान को लेकर कोई विवाद नहीं बढ़ाना चाहते। उन्होंने कहा, “वो मेरे बड़े भाई हैं... मुझे उनके बयान का जवाब देना जरूरी नहीं लगता... मैं गरीब परिवार में पैदा हुआ हूं। मेरे पास ग्रेजुएशन करने का सामर्थ्य नहीं था।”

निरहुआ के ठग कहे जाने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि NDA के लोग पूरे बिहार को ठगे हैं। इन्हें केवल धर्म के नाम पर वोट लेना है। मैं धार्मिक आदमी हूं लेकिन ये अस्पताल, स्कूल नहीं बनवाते। मैं बेरोजगारी पर चर्चा करता हूं तो ये मुझे धर्मविरोधी बता देते हैं।

खेसारी ने कहा, धर्म महत्वपूर्ण है लेकिन शिक्षा भी जरूरी है, अस्पताल भी जरूरी हैं। आप नौजवानों के रोजगार की बात नहीं करते, सिर्फ मंदिर-मस्जिद की बात करते हैं। इससे असली मुद्दे भटक जाते हैं। 20 साल से बिहार में सत्ता किसके पास है? एनडीए के पास। और आज 20 साल के युवा बेरोजगार हैं।

उन्होंने कहा कि वह धार्मिक व्यक्ति हैं और राम पर भजन भी गाए हैं, लेकिन धर्म के नाम पर वोट मांगना सही राजनीति नहीं है। उन्होंने ऐलान किया कि अगर NDA नेता सार्वजनिक रूप से यह घोषणा कर दें कि बिहार में कल से उद्योग-कारखाने की नींव रखी जाएगी, तो वह जीवन में कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे।

खेसारी ने कहा, “मैं रोजगार की बात करता हूं तो मुझे धर्म विरोधी कहा जाता है। अगर NDA के नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कह दें कि कल फैक्ट्री का शिलान्यास होगा, कल स्कूल-कॉलेज बनेगा, तो मैं वादा करता हूं कि जीवन में कभी चुनाव नहीं लड़ूंगा, न शपथ लूंगा, न कोई सर्टिफिकेट लूंगा।”

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article