Karnataka Elections 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। बुधवार (12 अप्रैल, 2023) रात आई इस लिस्ट में 23 कैंडिडेट्स के नाम हैं। रोचक बात है यह कि हाल ही में कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपाई बने नागराज छब्बी (Nagaraja Chabbi) को भी टिकट दिया गया है। वह कलघाटी (Kalghatgi) सीट से चुनावी ताल ठोंकेगे।
कोलार गोल्ड फील्ड यानी केजीएफ से अनुसूचित जाति के उम्मीदवार अश्विनी संपंगी (Ashwini Sampangi) को टिकट दिया गया है, जबकि बीजेपी के सीनियर नेता और कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के नजदीकी और करीबी सहयोगी एनआर संतोष का नाम इस सूची में नहीं है।

Karnataka BJP Second List
देखिए, BJP की दूसरी लिस्ट में किनके-किनके हैं नाम:
भाजपा ने इससे पहले 11 अप्रैल, 2023 को 189 सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जबकि कांग्रेस ने 165 उम्मीदवारों की घोषणा की है और वह मेलुकोट क्षेत्र में कर्नाटक सर्वोदय पार्टी के दर्शन पुत्तनैया का समर्थन करेगी। वहीं, जद (एस) अभी तक 93 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई अपने पारंपरिक शिगांव सीट से चुनाव लड़ेंगे।
पहली सूची के मुताबिक, पार्टी ने 52 नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा है। 189 उम्मीदवारों वाली लिस्ट में 32 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से हैं जबकि 30 अनुसूचित जाति और 16 अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं, जबकि कुल आठ महिलाओं को जगह दी गई थी। सूची में पांच वकील, नौ चिकित्सक, तीन अकादमिक क्षेत्र से, एक सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी और एक भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी का नाम हैं। सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हुए तीन कर्मचारी और आठ सामाजिक कार्यकर्ताओं को जगह दी गई है।
दरअसल, दक्षिणी भारतीय सूबे में 10 मई को विधानसभा चुनाव होंगे। राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। कुल 224 निर्वाचन क्षेत्रों में से 36 सीट अनुसूचित जाति और 15 सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। सूबे में विस चुनाव के लिए 10 मई को एक ही चरण में मतदान होगा और 13 मई को वोटों की गिनती की जाएगी।
