इलेक्शन

JP Nadda: खरगे के बयान पर BJP का पलटवार, नड्डा बोले-कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे

Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष के बयान को नकारात्मक बताते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी खरगे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। खरगे ने कहा कि केरल के लोग शिक्षित और चतुर हैं।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे।

Photo : PTI

JP Nadda: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर पलटवार किया। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने समाज को बांटने का काम किया है। कांग्रेस अध्यक्ष के बयान को नकारात्मक बताते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी खरगे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। दरअसल, केरल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इडुक्की जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि केरल के लोग शिक्षित और चतुर हैं। उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता। वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है, इसलिए उसकी बौखलाहट बढ़ गई है।

    'आप दोनों उन लोगों को मूर्ख बना सकते हैं'-खरगे

    उन्होंने आगे कहा कि जैसा कि गुजरात और कुछ अन्य जगहों के लोगों के साथ होता है। खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर निशाना साधते हुए कहा कि 'मोदी जी और विजयन, आप दोनों उन लोगों को मूर्ख बना सकते हैं जो अनपढ़ हैं, लेकिन आप केरल के लोगों को मूर्ख नहीं बना सकते। केरल की 140 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होना है।' खरगे कि बयान के बाद भाजपा हमलावर है और इससे सियासी माहौल गरम हो गया है।

    'खरगे ने गुजरात के गरिमा को भी ठेस पहुंचाई'

    गांधीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि खरगे ने ना केवल गुजरात की जनता का अपमान किया है, बल्कि महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल की पवित्र भूमि की गरिमा को भी ठेस पहुंचाई है। पटेल ने कहा, 'ये टिप्पणियां बेहद आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने (खरगे ने) ना केवल 6.5 करोड़ गुजरातियों का अपमान किया है, बल्कि महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल की पवित्र भूमि की गरिमा को भी ठेस पहुंचाई है। इन टिप्पणियों से राज्य की जनता का अपमान हुआ है और उनकी गरिमा को भी ठेस पहुंची है।’

    राहुल गांधी के बारे में क्या राय है-सुधांशु

    खरगे की इस टिप्पणी पर पलटवार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस अध्यक्ष से महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और गुजरात, उत्तर प्रदेश तथा उत्तर भारत के अन्य हिस्सों से आने वाले कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं की 'बुद्धिमत्ता' पर उनकी राय पूछी। राज्यसभा सदस्य ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, 'मैं राहुल गांधी के बारे में नहीं पूछना चाहूंगा, क्योंकि उनके बारे में पूरा देश जानता है।’

    Alok Rao
    आलोक कुमार राव author

    19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

    End of Article