AAP MP Sushil Kumar Rinku: लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को पंजाब में बड़ा झटका लगा है। जालंधर से आप सांसद सुशील कुमार रिंकू और जालंधर वेस्ट से विधायक शीतल अंगुराल आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। बता दें, आप नेता रिंकू ने पिछले साल जालंधर उपचुनाव में भारी अंतर से जीत हासिल की थी। वह निवर्तमान लोकसभा में आप के एकमात्र सदस्य हैं।
आप ने जालंधर से सुशील रिंकू को ही दोबारा उम्मीदवार बनाया था। आप में शामिल होने से पहले वह कांग्रेस में भी रह चुके हैं। साल 2023 में कांग्रेस छोड़ने के अगले ही दिन उन्हें जालंधर संसदीय क्षेत्र से आप उम्मीदवार घोषित किया गया था। सूत्रों ने बताया कि रिंकू बीजेपी में शामिल होने के बाद अब भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। बीजेपी में शामिल होने के बाद सुशील कुमार रिंकू ने कहा, यह सच है कि मैंने जालंधर के लोगों से जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए क्योंकि मेरी पार्टी (आप) ने मेरा समर्थन नहीं किया। बीजेपी ज्वाइन करने के पीछे उन्होंने कहा कि मैं पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और संघ की कार्यशैली से प्रभावित हूं।
विधायक शीतल अंगुराल भी बीजेपी में शामिल
सांसद सुशील कुमार रिंकू के अलावा जालंधर वेस्ट से विधायक शीतल अंगुराल के भी बीजेपी में शामिल हो गए हैं। दिल्ली में उन्होंने सांसद सुशील कुमार रिंकू के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। लोकसभा चुनाव से पहले इसे पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। बता दें, यह खबर तब सामने आई है, जब आप संयोजक शराब घोटाले मामले में ईडी की हिरासत में हैं।
