Karnataka Election: कर्नाटक में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के एक बड़े नेता ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर ने टिकट नहीं मिलने पर रविवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया।
क्यों दिया इस्तीफा
छह बार के विधायक अपनी वर्तमान सीट - हुबली-धारवाड़ सेंट्रल - से पार्टी का टिकट मांग रहे थे, लेकिन उनकी मांग ठुकरा दी गई। उन्होंने उत्तर कन्नड़ जिले के सिरसी में विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी को अपना इस्तीफा सौंपा। शेट्टार ने शनिवार को कहा था कि वह एक विधायक के रूप में इस्तीफा दे देंगे और भगवा पार्टी छोड़ देंगे। हालांकि शेटर को मनाने के लिए कर्नाटक के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई सहित वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने कोशिश की थी, लेकिन वो टिकट के लिए अड़े रहे।
सीएम क्या बोले
शेट्टर के इस्तीफे के बाद सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा- "कर्नाटक के लोग जगदीश शेट्टर को माफ नहीं करेंगे। धर्मेंद्र प्रधान ने जगदीश शेट्टार को कैबिनेट में मंत्री पद की पेशकश की थी। हमने उनके परिवार को टिकट की पेशकश की थी। लेकिन उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया।"
कांग्रेस में शामिल होंगे जगदीश शेट्टर?
कयास लगाए जा रहे हैं कि शेट्टर सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, 67 वर्षीय नेता ने कहा कि उन्होंने अपने भविष्य के कदम पर अभी कोई फैसला नहीं किया है। कांग्रेस ने जहां शेट्टर को पार्टी में शामिल होने का न्यौता दिया है, वहीं बीजेपी ने कहा है कि अगर वह वापस आना चाहते हैं तो वे उनका स्वागत करेंगे।
येदियुरप्पा ने क्या कहा
इस घटनाक्रम पर कर्नाटक के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता येदियुरप्पा ने कहा-"मैं जगदीश शेट्टर से पूछना चाहता हूं कि वह कांग्रेस में क्यों शामिल हो रहे हैं? अगर वह भाजपा में वापस आते हैं, तो हम उनका स्वागत करेंगे।"
