इलेक्शन

बंगाल कांग्रेस में फूट! कांग्रेस मुख्यालय के सामने खड़गे के पोस्टर पर फेंकी गई स्याही, एक दिन पहले लगी थी अधीर को फटकार

कोलकाता में मल्लिकार्जुन खड़गे के पोस्टर और होर्डिंग्स पर ‘तृणमूल कांग्रेस का एजेंट’ भी लिखा पाया गया। कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि चौधरी ने घटना पर नाराजगी व्यक्त की और पार्टी कार्यकर्ताओं से पुलिस में शिकायत दर्ज करने को कहा, जिसे दर्ज कर लिया गया और विरूपित किये गये पोस्टर भी हटा दिये गये।

Image

पश्चिम बंगाल में मल्लिकार्जुन खड़गे के पोस्टर पर फेंकी गई स्याही

Photo : Twitter

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस अपने ही नेतृत्व के खिलाफ जाती दिख रही है। ममता बनर्जी को लेकर कांग्रेस नेतृत्व और राज्य कांग्रेस आमने-सामने आ चुके हैं। रविवार को बंगाल में कांग्रेस मुख्यालय के सामने लगे पोस्टर पर मौजूद मल्लिकार्जुन खड़गे की फोटो पर स्याही फेंकी गई है। एक दिन पहले ही अधीर रंजन चौधरी को खड़गे न फटकार लगाई है।

ममता बनर्जी के साथ कांग्रेस आलाकमान

खड़गे ने तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के इंडिया गठबंधन के प्रति निष्ठा पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को फटकार लगाई थी, जिसके एक दिन बाद यह घटना हुई। ममता बनर्जी ने हाल में टिप्पणी की थी कि वह इंडिया गठबंधन की सरकार का समर्थन करेंगी, जबकि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा था कि बंगाल की मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं किया जा सकता और वह भाजपा के साथ जा सकती हैं। इन टिप्पणियों के संबंध में सवाल किए जाने पर खड़गे ने शनिवार को कहा था- "ममता बनर्जी गठबंधन के साथ हैं। उन्होंने हाल में कहा है कि वह सरकार में शामिल होंगी। फैसला अधीर रंजन चौधरी नहीं लेंगे। फैसला मैं और आलाकमान करेगा, जो सहमत नहीं होंगे, वे बाहर चले जाएंगे।"

अधीर रंजन चौधरी हुए बागी!

चौधरी ने खड़गे की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए टीएमसी सुप्रीमो का जिक्र करते हुए कहा था- "मैं किसी ऐसे व्यक्ति के पक्ष में नहीं बोल सकता, जो बंगाल में मुझे और हमारी पार्टी को राजनीतिक रूप से खत्म करना चाहता है। यह हर कांग्रेस कार्यकर्ता के लिए एक लड़ाई है। मैंने उनकी तरफ से बोला है। मैं नहीं चाहता कि राज्य कांग्रेस का इस्तेमाल उनके (बनर्जी के) निजी एजेंडे के लिए किया जाए और फिर संगठन को खत्म कर दिया जाए। अगर खड़गे जी मेरे विचारों के खिलाफ बोलते हैं, तो मैं राज्य में जमीनी स्तर पर कांग्रेसियों के लिए बोलना जारी रखूंगा।"

पोस्टर पर स्याही फेंकने को लेकर शिकायत दर्ज

बता दें कि खड़गे के पोस्टर और होर्डिंग्स पर ‘तृणमूल कांग्रेस का एजेंट’ भी लिखा पाया गया। कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि चौधरी ने घटना पर नाराजगी व्यक्त की और पार्टी कार्यकर्ताओं से पुलिस में शिकायत दर्ज करने को कहा, जिसे दर्ज कर लिया गया और विरूपित किये गये पोस्टर भी हटा दिये गये।

पार्टी के एक नेता ने कहा कि घटना संभवत: शनिवार रात की है। यह तृणमूल कांग्रेस की करतूत है जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और अधीर रंजन चौधरी के बीच मतभेद पैदा करना चाहती है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article