Pappu Yadav : लोगों में पैसा बांटने के बाद आयकर विभाग का नोटिस मिलने पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने पलटवार किया है। पप्पू यादव ने शनिवार को कहा कि 'जरूरतमंदों में पैसे बांटना यदि अपराध है तो वह यह अपराध बार-बार करेंगे।' यादव ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के बीच पैसे बांटने को आयकर विभाग ने 'अपराध' की तरह लिया है। अपने X पोस्ट पर पूर्णया के सांसद ने कहा कि 'मुझे आयकर विभाग से नोटिस मिला है। इस नोटिस में बाढ़ि पीड़ितों के बीच मेरे द्वारा पैसा बांटने को अपराध बताया गया है। यदि यह अपराध है तो मैं यह अपराध करना जारी रखूंगा।'
पप्पू यादव ने अपने पोस्ट में क्या कहा...
अपने पोस्ट में यादव ने कहा, 'मुझे इनकम टैक्स का नोटिस मिला है, बाढ़ पीड़ितों की मदद में रु बांटने को अपराध बताया है। यह अपराध है तो मैं हर वंचित पीड़ित की सहायता का अपराध सदैव करता रहूंगा! वैशाली जिले के नयागांव पूर्वी पंचायत अंतर्गत मनियारी गांव के बाढ़ पीड़ितों जिनका घर-द्वार सब गंगाजी में विलीन हो गया, उनका मदद न करता तो क्या गृह राज्य मंत्री, स्थानीय MP जैसे स्वघोषित CM उम्मीदवारों की तरह मूकदर्शक बना रहता?'
वैशाली जिले में बाढ़ पीड़ितों के बीच रुपये बांटे
बता दें कि 2 हफ्ते पहले पप्पू यादव वैशाली जिले में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग बाढ़ प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया इसके साथ ही बाढ़ पीड़ितों को मदद के रूप में कुछ रुपये भी बांटे। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था जिसके बाद इस मामले में सहदेई थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पप्पू यादव पर बिहार चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप भी लगा था। ऐसे में अब सांसद को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की तरफ से नोटिस भी जारी कर दिया है। लोगों में पैसे बांटने के पप्पू यादव के वीडियो सोशल मीडिया अक्सर देखने को मिलते हैं।
