इलेक्शन

सिर्फ 2 प्रतिशत वोटों का अंतर हुआ और BJP जीत गई AAP से 26 सीट ज्यादा, समझिए पूरा समीकरण

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप को करारी हार मिली है। बीजेपी 27 सालों बाद सत्ता में वापस लौटी है, आप की हार और बीजेपी की जीत में सिर्फ दो प्रतिशत वोट का अंतर है, इसी 2 प्रतिशत में दिल्ली में खेला और केजरीवाल सत्ता से बाहर हो गए।

Image

दिल्ली जीत के बाद पीएम नरेंद्र मोदी

Photo : Twitter

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा को भले ही आम आदमी पार्टी (आप) की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा सीटें मिली हों, लेकिन दोनों के बीच वोट शेयर में मात्र दो प्रतिशत का अंतर है। यह दिखाता है कि माइक्रो मैनेजमेंट में भाजपा अपने प्रतिद्वंद्वी से कोसों आगे निकल गई। वहीं, कांग्रेस का वोट शेयर भी पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में दो प्रतिशत बढ़ा, लेकिन वह इसका फायदा नहीं ले पाई।

2 प्रतिशत में 26 सीट का अंतर

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 5 फरवरी को हुए मतदान में भाजपा को 45.56 प्रतिशत और आप को 43.57 प्रतिशत वोट मिले। हालांकि, सीटों के मामले में 48 का आंकड़ा हासिल कर भाजपा काफी आगे निकल गई। वहीं, विधानसभा की 70 सीटों में से 'आप' के खाते में 22 सीटें आईं।

2020 में क्या हुआ था

साल 2020 में हुए चुनाव की बात करें तो 'आप' ने 53.57 फीसदी वोट हासिल कर 62 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 38.51 फीसदी वोट के साथ आठ सीटें मिली थीं। इस प्रकार भाजपा का वोट शेयर इस बार सात प्रतिशत के करीब बढ़ा है, जबकि 'आप' को 10 फीसदी का नुकसान हुआ है।

कांग्रेस की स्थिति

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 70 में से 66 सीटों पर तीसरे स्थान पर रही है। कस्तूरबा नगर में उसके प्रत्याशी अभिषेक दत्ता दूसरे स्थान पर रहे और 11,048 मतों से भाजपा के नीरज बसोया से हार गए। इस सीट पर 'आप' तीसरे स्थान पर रही। महरौली, मुस्ताफाबाद और ओखला में कांग्रेस चौथे स्थान पर रही।

तीनों पार्टियों का पिछला प्रदर्शन

'आप' को साल 2015 में 54.59 प्रतिशत और 2013 में 29.64 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं, भाजपा को इन दोनों चुनावों में क्रमशः 32.78 प्रतिशत और 34.12 प्रतिशत वोट मिले। कांग्रेस लगातार तीसरी बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में खाता नहीं खोल सकी है। साल 2020 में 4.26 फीसदी वोट लेकर कांग्रेस 62 सीटों पर तीसरे और चार सीटों पर चौथे स्थान पर रही थी। साल 2015 में उसका वोट शेयर 9.71 फीसदी रहा था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article