Himachal Pradesh Exit Poll 2022 : विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश क्या अपना इतिहास दोहराएगा? चुनाव के दौरान लोगों के मन में यह सवाल बराबर उठता रहा। यह सवाल उठना लाजिमी भी है क्योंकि बीते कई दशकों से इस पहाड़ी के राज्य के लोग बारी-बारी से भाजपा और कांग्रेस को मौका देते आए हैं। इस परंपरा को यदि मानें तो इस बार राज्य में कांग्रेस की सरकार बननी चाहिए। हालांकि, चुनाव प्रचार के दौरान राज्य के वोटरों एवं चुनाव के जानकारों ने यही बात कहते पाए गए कि राज्य में 'मोदी मैजिक' काम कर रहा है और इस बार भी भाजपा की सरकार बनने के आसार हैं। यही बात सोमवार को आए एक एग्जिट पोल में भी सामने आई।
इंडिया टुडे-मॉय एक्सिस के एग्जिट पोल में कांग्रेस को बहुमत
इंडिया टुडे-मॉय एक्सिस के एग्जिट पोल में कांग्रेस को बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। इस एग्जिट पोल की मानें तो हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को 24 से 34 सीटें मिल सकती हैं जबकि कांग्रेस के खाते में 30 से 40 सीटें जा सकती हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी को एक भी सीट नहीं मिलने की बात कही गई है। हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने के लिए 35 सीटों की जरूरत होती है। राज्य में इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला है। हालांकि, चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भी अपना दमखम दिखाया है। हालांकि यह एग्जिट पोल हैं। चुनाव के असली नतीजे आठ दिसंबर को घोषित होंगे।
हिमाचल प्रदेश में विस की 68 सीटें
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की 68 सीटों के लिए एक चरण में 12 नवंबर को मतदान हुआ। इस बार अब तक हुए विधानसभा चुनाव के सभी मतदान के रिकॉर्ड तोड़ दिए। चुनाव में रिकॉर्ड 75.6 फीसदी वोट पड़े। हिमाचल प्रदेश में परंपरागत रूप से मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होता आया है लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी ने चुनाव में अपनी ताकत झोंकी है। कांग्रेस को उम्मीद है कि राज्य की जनता भाजपा से परेशान है और इस बार उसे सरकार बनाने का मौका देगी।
सीएम पद की रेस में कांग्रेस के कई नेता
अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो सीएम पद के लिए जयराम ठाकुर का नाम पक्का माना जा रहा है। क्योंकि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा खुद इसकी घोषणा कर चुके हैं। इस पहाड़ी राज्य में मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस की तरफ से चेहरा कौन होगा, अभी इस पर सस्पेंस है। कांग्रेस ने अभी इसको लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। कांग्रेस में सीएम पद की रेस में कई नेता हैं।
