इलेक्शन

Gurgaon Assembly Elections 2024: भाजपा से टिकट की ताल ठोंक रहे धुरंधर, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ने जुटाया समर्थन

Haryana Assembly Election 2024: व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने ब्राह्मण समाज का समर्थन जुटाकर टिकट की दावेदारी पेश की। भगवान परशुराम की लीला का मंचन आयोजित कर उन्होंने भारी जनसमूह के बीच इस बात का दावा किया कि पार्टी अगर उनपर विश्वास जताती है तो वह गुरुग्राम को हर तरह से बेहतर बनाकर विकास के एक मॉडल की तरह प्रस्तुत करेंगे।

Image

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024

Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवारों की पहली सूची किसी भी वक्त जारी हो सकती है। हरियाणा में 1 अक्टूबर की बजाय 5 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव नतीजे 4 अक्टूबर की बजाय 8 अक्टूबर को आएंगे। जहां टिकट की आस लगाए बैठे नेताओं के बीच सस्पेंस बरकरार है, वहीं पार्टी नेतृत्व नेताओं के नाम तय करने में तेजी से जुटा हुआ है। गुड़गांव विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र टिकट के दावेदार के रूप में धुरंधर ताल ठोंक रहे हैं जिनमें भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल भी शामिल हैं।

टिकट की दावेदारी पेश की

व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने ब्राह्मण समाज का समर्थन जुटाकर टिकट की दावेदारी पेश की। भगवान परशुराम की लीला का मंचन आयोजित कर उन्होंने भारी जनसमूह के बीच इस बात का दावा किया कि पार्टी अगर उनपर विश्वास जताती है तो वह गुरुग्राम को हर तरह से बेहतर बनाकर विकास के एक मॉडल की तरह प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में आना एक विकल्प हो सकता है, लेकिन उनकी सोच समाज सेवा की है। गुरुग्राम का विकास, गुरुग्राम की समस्याओं को दूर कराना ही प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही रविवार को ही नवीन गोयल के समर्थन में 36 बिरादरी के लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक की जिसमें सर्व समाज के लोगों ने उनके साथ हर स्थिति, परिस्थिति में खड़े रहने का वायदा किया। बैठक में मौजूद लोगों ने सर्वसम्मति से उनका समर्थन किया।

बता दें कि हरियाणा चुनाव 2024 से पहले गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के लिए टिकट बंटवारा एक बड़ी चुनौती बन गया है। 10 से अधिक दावेदार टिकट मांग रहे हैं। गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र को भाजपा का गढ़ माना जाता है। पिछले दो बार से यह सीट भाजपा के कब्जे में है। बहुत जल्द पार्टी की ओर से स्थिति साफ हो जाएगी कि यहां से किस दावेदार की किस्मत चमकेगी।

कौन-कौन हैं दावेदार

गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। उनके अलावा विधायक सुधीर सिंगला, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, खेल प्रकोष्ठ के सह-संयोजक मुकेश शर्मा पहलवान, एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व उद्योगपति बोधराज सीकरी भी दावेदारी कर रहे हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article