इलेक्शन

Narendra Modi की BJP भी 'बदल' गई, 'बोलने' लगे हैं लोग- गुजरात और हिमाचल का जिक्र कर बोले राजस्थान CM

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Nov 22, 2022, 11:23 PM IST

Gujarat Assembly Elections 2022: उधर, भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कांग्रेस के खरीद-फरोख्त के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए मंगलवार को दावा किया कि भाजपा राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।

Image

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत। (फाइल)

Photo : IANS

Gujarat Assembly Elections 2022: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनावी समर (गुजरात और हिमाचल प्रदेश में) के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जुबानी हमला बोला है। कहा है कि भाजपा अब पहले जैसी नहीं रही है। वह भी बदल गई है और लोगों ने अपनी बात रखना और बोलना (गलत फैसलों के खिलाफ) शुरू कर दिया है।

राजस्थान के जोधपुर में मंगलवार (22 नवंबर, 2022) को उन्होंने पत्रकारों से कहा, "गुजरात में कम से कम 33 और हिमाचल में 21 विधायक बगावत कर चुके हैं। पीएम मोदी की पार्टी पहले जैसी नहीं रही है। पार्टी में अब बदलाव आने लगा है। लोग अब बोलने लगे हैं।"

वहीं, चित्तौड़गढ़ में सीएम ने 149 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के समय कहा, ‘‘आज पूरे देश में महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्याएं बनकर उभरी हैं। पर राजस्थान में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।’’

सीएम के मुताबिक, राजस्थान सरकार ने मौजूदा कार्यकाल में अब तक 1.25 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दीं। साथ ही करीब इतने ही पदों पर भर्ती प्रोसेस में हैं। एक लाख सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती की घोषणा की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद आयी सरकारों ने भारत के लोकतंत्र को सशक्त करने का काम किया और उसी का परिणाम है कि देश में संविधान लागू होने के साथ ही महिलाओं को मताधिकार मिला, जबकि अन्य लोकतंत्रों में इसमें काफी समय लगा।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article