Gujarat Assembly Elections 2022: गुजरात में जामनगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की कैंडिडेट रिवाबा जडेजा ने शनिवार (19 नवंबर, 2022) को उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें उनके परिवार में मौजूदा कलह (ननद-भाभी) की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि दोनों की बस अलग-अलग विचारधारा है और कुछ नहीं है।
समाचार एजेंसी एएनआई से खास बातचीत में रिवाबा ने कहा- ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि एक सीट पर एक परिवार से दो लोग आए हों और उनकी अलग-अलग विचारधारा हो। हमारे हाथ और अंगुलियां भी आकार में बराबर नहीं होते। उसी तरह विचारधारा भी अलग-अलग हो सकती है।
बकौल रिवाबा, "मेरी ननद किसी और विचारधारा से प्रभावित हैं और उसी पर आगे बढ़ते हुए काम कर रही हैं, जबकि मैं बीजेपी के कामकाज से प्रभावित हूं और अपने कर्तव्यों को पूरा कर रही हूं। यहां सिर्फ मत का फर्क है। हममें कोई भी निजी अंतर नहीं है। इस चुनावी समर में हमारे पास साथ बैठने का समय भी नहीं होता है।
वह बोलीं, "मेरा जोर फिलहाल अधिक से अधिक लोगों से मिलने पर है।" त्रिकोणीय मुकाबले पर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा- गुजरात ने इस तरह के इलेक्शन मोड को कभी नहीं स्वीकारा है। जो पार्टी सूबे में नहीं आई है और न ही उसने कोई विकास कार्य किया है, तब लोग कैसे उस पर (आप के संदर्भ में) विश्वास करेंगे? लोगों को बीजेपी का काम दिखता है, इसलिए वे उस पर यकीन करते हैं।
उनका कहना है कि पति उनके लिए बूस्टर डोज की तरह हैं और वह उन्हें सियासी करियर में हमेशा सपोर्ट करते हैं। दरअसल, इस बार के विधानसभा चुनाव में एक ही परिवार से दो महिलाएं एक सीट पर आमने-सामने सियासी मैदान में आ गईं। एक ओर बीजेपी से भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा तो दूसरी तरफ जडेजा की बहन नैना कांग्रेस से।
