इलेक्शन

राजद काल में बिहार में उद्योग बन गया था अपराध-अपहरण, सिवान में महागठबंधन पर जमकर बरसे CM योगी

जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, 'ब्रिटिश के उत्तराधिकारी के रूप में कांग्रेस ने भी उन्हीं की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सबसे पहले पूरे बिहार राज्य के लिए एक संकट खड़ा किया। इसने बिहार के विकास में बाधा डाली। जो थोड़ा बहुत विकास बचा था, उसे राजद ने पूरी तरह खत्म कर दिया।

Image

बिहार में 6 नवंबर को होगा पहले चरण का चुनाव। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Bihar Assembly Election 2025: बिहार में पहले चरण के चुनाव की तारीख नजदीक आते ही चुनावी माहौल पूरी तरह से गरम हो गया है। नेता एक दूसरे पर जमकर जुबानी हमले कर रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महागठबंधन और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जमकर हमला बोला। सिवान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 'हमें विकसित बिहार की जरूरत है और यह तभी होगा जब राज्य में एनडीए की सरकार होगी और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन से ही संभव है। इसलिए हमें बिहार में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बनानी होगी।'

'जो बचा था उसे राजद ने खत्म कर दिया'

जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, 'ब्रिटिश के उत्तराधिकारी के रूप में कांग्रेस ने भी उन्हीं की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सबसे पहले पूरे बिहार राज्य के लिए एक संकट खड़ा किया। इसने बिहार के विकास में बाधा डाली। जो थोड़ा बहुत विकास बचा था, उसे राजद ने पूरी तरह खत्म कर दिया। राजद के शासनकाल में अपराध और अपहरण एक उद्योग बन गए थे। बिहार में अराजकता और गुंडागर्दी का माहौल था। वे बिहार के युवाओं के लिए पहचान का संकट पैदा कर रहे थे।'

यूपी में साढ़े आठ वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ-योगी

उन्होंने आगे कहा, 'उत्तर प्रदेश में एनडीए ने वादा किया था कि हम माफिया राज और दंगों को समाप्त करेंगे। पिछले साढ़े आठ वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ, और जब किसी ने दंगा भड़काने की कोशिश की, तो उसे जेल भेजा गया और उसकी संपत्ति जब्त करके गरीबों के लिए मकान बनाए गए। एक विकसित भारत के लिए विकसित बिहार जरूरी है, और विकसित बिहार के लिए एनडीए सरकार जरूरी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमें बिहार में एनडीए सरकार को फिर से स्थापित करना है।'

'...नरक के दरवाजे खोल दिए हैं'

CM योगी ने कहा, 'मैं परसों रघुनाथपुर गया था। ‘एक माफिया वहां फिर से कब्जा करना चाहता है’। उत्तर प्रदेश में हमने ऐसे माफियाओं को बुलडोजर से कुचल दिया है, उनके लिए नरक के दरवाजे खोल दिए हैं।' बिहार में विधानसभा की 243 सीटों सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण का मतदान छह नवंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को हगी जबकि चुनाव नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article