इलेक्शन

Congress List Karnataka Election: कर्नाटक चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की चौथी लिस्ट, जगदीश शेट्टर को मिला टिकट

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 18, 2023, 10:31 PM IST

Congress List Karnataka Election: कर्नाटक चुनाव से पहले बीजेपी के बड़े नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। बीजेपी ने उनका टिकट काट दिया था, जिसके बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। वहीं बीजेपी ने जगदीश शेट्टर की जगह महेश तेंगिनाकाई को हुबली-धारवाड़ मध्य सीट से उम्मीदवार बनाया है।

Image

Congress List Karnataka Election: कर्नाटक चुनाव से पहले जगदीश शेट्टर बीजेपी छोड़ कांग्रेस में हो चुके हैं शामिल

Photo : Twitter

Congress List Karnataka Election: कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव के लिए उम्मीदवारों की एक और नई सूची जारी कर दी है। इस सूची में सात उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। जिसमें बीजेपी से कांग्रेस में आए पूर्व सीएम जगदीश शेट्टर का नाम भी शामिल है।

शेट्टर को यहां से मिला टिकट

कांग्रेस ने मंगलवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए 7 उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी की है। कांग्रेस ने हुबली-धारवाड़ मध्य सीट से जगदीश शेट्टर को मैदान में उतारा है। हाल ही में कर्नाटक के पूर्व सीएम जगदीश शेट्टर ने बीजेपी से इस्तीफा देकर कांग्रेस ज्वाइन कर लियाा था।

सीएम के खिलाफ कौन

कांग्रेस ने शिगगांव विधानसभा सीट से मोहम्मद यूसुफ सावनूर को मैदान में उतारा हैं। यहां से मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भाजपा के उम्मीदवार हैं। बोम्मई वर्तमान समय में यहीं से विधायक हैं। चिकमंगलूर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने एच डी थम्मैया को मैदान में उतारा है। वर्तमान में इस सीट का प्रतिनिधित्व भाजपा महासचिव सी टी रवि कर रहे हैं। बाकी बची आठ सीटों पर कांग्रेस ने अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। पार्टी ने अब तक राज्य के 224 विधानसभा क्षेत्रों में से 216 के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है।

congress list

कर्नाटक चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की चौथी लिस्ट

हुबली-धारवाड़ मध्य सीट शेट्टर का गढ़

हुबली-धारवाड़ मध्य सीट जगदीश शेट्टर का गढ़ रहा है। यहां से वो 2008 से लगातार विधायक हैं। कुछ दिनों तक बीजेपी के राज्य में ताकतवर नेताओं में से एक थे, लेकिन अब शेट्टर कांग्रेस के साथ हैं और बीजेपी को हराने की कोशिश में जुटे हैं।

कब होना है चुनाव

कर्नाटक में 10 मई को मतदान होना है और नतीजे 13 मई को आएंगे। कर्नाटक में बीजेपी-कांग्रेस और जेडीएस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। कांग्रेस इस बार सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगाती दिख रही है, वहीं बीजेपी का दावा है कि वो सत्ता को अपने पास बरकरार रखेगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article