इलेक्शन

यूपी की सीटों पर असमंजस में कांग्रेस! पहले चरण में सहारनपुर सीट पर मतदान, घोषित नहीं कर पाई उम्मीदवार

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 20, 2024, 09:26 AM IST

Loksabha Election 2024: यूपी में कांग्रेस और सपा का गठबंधन है और गठबंधन के तहत यह सीट कांग्रेस के खाते में गई है। हालांकि, इस सीट पर भाजपा ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा अभी नहीं की है। सहारनपुर सीट कांग्रेस के खाते में गई है।

Image

लोकसभा चुनाव 2024

Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के लिए बुधवार से नामांकन भरने की शुरुआत हो गई। पहले चरण में 19 अप्रैल को देश भर में 102 सीटों पर वोट पड़ेंगे। पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवारों की सूची बाहर आ गई है। यूपी के लिए भाजपा ने अब तक अपने 51 उम्मीदवार तो सपा 40 से ज्यादा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

यूपी की 17 सीटों पर कांग्रेस को लड़ना है चुनाव

वहीं कांग्रेस ने चुप्पी साध रखी है। राज्य की 17 सीटों पर उसे चुनाव लड़ना है। इन 17 सीटों मे सहारनपुर सीट भी है जिस पर पहले चरण में मतदान होना है। यूपी में कांग्रेस और सपा का गठबंधन है और गठबंधन के तहत यह सीट कांग्रेस के खाते में गई है। हालांकि, इस सीट पर भाजपा ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा अभी नहीं की है।

इसलिए हो रही देरी

यूपी की इन 17 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा में हो रही देरी पर सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस अभी भी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को इंडिया गठबंधन में लाना चाहती है। इसके लिए वह अंतिम समय तक बसपा सुप्रीमो को मनाने का प्रयास कर रही है लेकिन मायावती इसके लिए तैयार नहीं हो रही हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा की है। बसपा ने कई सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार भी दिए हैं। सीट बंटवारे में इंडिया ब्लाक में बिहार और झारखंड में भी अभी स्थिति साफ नहीं हो पाई है। पहले चरण में इन दोनों राज्यों की सीटें हैं।

सहारनपुर सीट का चुनाव रिजल्ट

2019 के लोकसभा चुनाव में सहारनपुर सीट पर बहुजन समाजवादी पार्टी के हाजी फजलुर रहमान विजयी हुए। उन्हें कुल 514,139 (41.7%) वोट मिले। फजलुर रहमान ने भाजपा के राघव लखनपाल को हराया। लखनपाल को 491,722 वोट मिले और उनका वोट प्रतिशत 39.9% था। वहीं तीसरे स्थान पर कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद रहे। इस सीट पर कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा के राघव लखनपाल विजयी हुए। उन्हें कुल 472,999 (39.6%) वोट मिले। लखनपाल ने कांग्रेस के इमरान मसूद को हराया। मसूद को 407,909 वोट मिले और उनका वोट प्रतिशत 34.2 था। वहीं तीसरे स्थान पर बसपा उम्मीदवार जगदीश सिंह राणा रहे। इस सीट पर कुल 14 उम्मीदवार मैदान में थे।

पहले चरण में यूपी की इन 8 सीटों पर होगा मतदान

  1. कैराना
  2. सहारनपुर
  3. मुजफ्फरनगर
  4. बिजनौर
  5. नगीना
  6. मुरादाबाद
  7. रामपुर
  8. पीलीभीत

यूपी की इन 17 सीटों पर कांग्रेस को लड़ना है चुनाव।

रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महराजगंज, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी, देवरिया और वाराणसी।

नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 30 मार्च

बिहार में पहले चरण में जिन लोकसभा सीट के लिए मतदान होना है, उनके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख एक त्योहार की वजह से बढ़ाकर 28 मार्च की गई है। बिहार की 40 में से चार लोकसभा सीट पर मतदान प्रथम चरण में होगा। नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को की जाएगी। बिहार के लिए यह तारीख 30 मार्च है। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 30 मार्च है, वहीं बिहार में प्रथम चरण की चार सीट के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया दो अप्रैल तक जारी रहेगी। देश में 18वीं लोकसभा के लिए 19 अप्रैल को चुनाव शुरू होंगे और एक जून तक सात चरणों में मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article