इलेक्शन

महाराष्ट्र-झारखंड में मतगणना से पहले कांग्रेस ने नियुक्त किए ऑब्जर्वर, इन्हें मिली अहम जिम्मेदारी

Maharashtra Jharkhand Election Result: कांग्रेस ने अशोक गहलोत, भूपेश बघेल और जी परमेश्वर को महाराष्ट्र के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। झारखंड के लिए तारिक अनवर, तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू को पर्यवेक्षक बनाया है।

Image

कांग्रेस ने महाराष्ट्र-झारखंड के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए।

Photo : Twitter

Maharashtra Jharkhand Election Result: कांग्रेस ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों की मतगणना के बाद पैदा होने वाली किसी भी परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को अपने छह नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त किया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर को महाराष्ट्र के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर, तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू को झारखंड के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का पर्यवेक्षक बनाया गया है।

कल होनी है मतगणना

(महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को मतदान हुआ था। जबकि झारखंड में दो चरणों में चुनाव कराए गए। झारखंड में पहले चरण में 43 सीट पर 13 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ था, जबकि 20 नवंबर को दूसरे और अंतिम चरण में 38 सीट पर चुनाव कराए गए थे। दोनों राज्यों में मतगणना 23 नवंबर को होगी।

महाराष्ट्र में भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के गठबंधन ‘महायुति’ तथा महा विकास आघाडी (एमवीए) के बीच मुकाबला है। महा विकास आघाडी में कांग्रेस, शिवसेना (उबाठा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) शामिल हैं। झारखंड में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) तथा ‘इंडिया’ गठबंधन के बीच मुकाबला है। राजग में भाजपा, आजसू, जनता दल (यूनाइटेड) तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) शामिल हैं, जबकि ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) शामिल हैं।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article