इलेक्शन

Lok Sabha Chunav: कांग्रेस और आप के बीच हुई सुलह! नेताओं ने सीट बंटवारे पर की चर्चा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 13, 2024, 06:14 AM IST

Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव को लेकर बढ़ती सियासी सरगर्मी के बीच कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सीट बंटवारे पर चर्चा की। माना जा रहा है कि इस बैठक से दोनों पार्टियों के बीच दूरियां कम होने की उम्मीद है। बैठक के बाद नेताओं ने क्या कहा, रिपोर्ट में जानिए।

Image

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी से भुलाए गिले-शिकवे।

Photo : Times Now Digital

Opposition Alliance Seat Sharing: सियासत में कोई किसी का सगा नहीं होगा और जब बात फायदे की आती है तो सारे कायदे, कानून, गिले-शिकवे खत्म होने में पल भर का भी समय नहीं लगता है। तभी शायद कल तक एक दूसरे की टांग खिंचाई करने वाली आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक दूसरे की तारीफ में कसीदे पढ़ रहे हैं। आखिर क्या है पूरा माजरा, आपको समझाते हैं।

सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर आप और कांग्रेस साथ-साथ

हम साथ-साथ हैं... सुनकर ऐसा लगता है कि कितनी पारिवारिक बातें हैं, लेकिन कल तक एक दूसरे को फूटे आंख भी नहीं देखने वाली पार्टियां कांग्रेस और आप आज एक दूसरे से गले मिल रही हैं। दरअसल, आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर चर्चा की और फिर से बैठक करने का फैसला किया।

चुनाव की खातिर कांग्रेस ने भुला दिए सारे गिले शिकवे

कांग्रेस ने कहा कि दोनों दलों के बीच ‘बहुत अच्छा तालमेल’ है। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि दोनों दलों के नेताओं ने अपने विचार साझा किए और व्यापक तौर पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन को और मजबूत करने के लिए सभी मिलकर आगे बढ़ेंगे। सीट-बंटवारे पर बातचीत के लिए गठित कांग्रेस की समिति के सदस्य खुर्शीद ने पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक के आवास पर नेताओं की चर्चा में भाग लिया। यह बैठक दो घंटे से अधिक समय तक चली। चर्चा में ‘आप’ नेता राघव चड्ढा, आतिशी, संदीप पाठक और सौरव भारद्वाज ने हिस्सा लिया।

दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों में सीट बंटवारे पर चर्चा

‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों में सीट बंटवारे पर चर्चा की। सीट बंटवारे पर सोमवार को हुई पिछली बातचीत बेनतीजा रही थी, हालांकि कांग्रेस और ‘आप’ के दोनों नेताओं ने कहा कि बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। खुर्शीद ने कहा कि उनकी मुलाकात शानदार रही।

बैठक के बाद उन्होंने कहा, 'हमने लगभग सभी आवश्यक मुद्दों पर चर्चा की। हमारे बीच तालमेल बहुत अच्छा है, हमने खुले दिल से वह सब कुछ साझा किया जिससे हमें विश्वास था कि हमारे संबंध मजबूत होंगे। यह एक शानदार बैठक थी और मेरा मानना है कि हम अपनी उम्मीदों से कहीं अधिक आगे बढ़े।'

कब होगी विपक्षी गठबंधन INDIA अगली बैठक?

यह पूछे जाने पर कि सीट-बंटवारे को कब अंतिम रूप दिया जाएगा, खुर्शीद ने ने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द यह होगा क्योंकि हम कल अपने कई सहयोगियों के साथ बातचीत करने जा रहे हैं। जैसे ही हमारी अगली बैठक होगी, हम कुछ प्रस्तावों पर मुहर लगा सकेंगे और उन्हें हमारे नेतृत्व के सामने रखेंगे। हम जो भी करेंगे, मिलकर करेंगे।' इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए चड्ढा ने कहा कि बातचीत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article