Rahut Kaswan Quits BJP: राजस्थान के चुरू से सांसद राहुल कस्वां ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सांसद पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही वह कांग्रेस में भी शामिल हो गए। वह आगामी लोकसभा चुनाव के लिए चुरू सीट से अपनी टिकट काटे जाने से नाराज चल रहे थे। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। बताया जा रहा है कि राजेंद्र राठौड़ की हार का खामियाजा भुगतना पड़ा है।
बीजेपी के इस्तीफे का ऐलान
उन्होंने एक्स पर लिखा, राम-राम, मेरे चूरू लोकसभा परिवार...मेरे परिवारजनों! आप सब की भावनाओं के अनुरूप, मैं सार्वजनिक जीवन का एक बड़ा फैसला लेने जा रहा हूँ। राजनीतिक कारणों के चलते आज इसी समय मैं भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं संसद सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूँ।
सांसद ने यह भी लिखा, समस्त भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं अमित शाह जी का आभार प्रकट करता हूं, जिन्होंने मुझे 10 वर्षों तक चूरू लोकसभा परिवार की सेवा करने का अवसर दिया। विशेष आभार मेरे चूरू लोकसभा परिवार का, जिन्होंने मुझे सदैव बहुमूल्य साथ, सहयोग और आशीर्वाद दिया।
नए चेहरे देवेंद्र झाझड़िया को टिकट
भाजपा ने चुरू सीट से इस बार नए चेहरे देवेंद्र झाझड़िया को टिकट दिया है। झाझड़िया पैरालंपिक में दो बार स्वर्ण व एक बार रजत पदक जीत चुके हैं। राजस्थान में लोकसभा की कुल 25 सीटें हैं। भाजपा ने राजस्थान में लोकसभा चुनाव के लिए पहली सूची में 15 लोकसभा सीटों पर ही प्रत्याशियों की घोषणा की थी। 10 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया गया है। बीजेपी के 15 सीटों पर उम्मीदवारों में 7 प्रत्याशी नए हैं। जबकि 8 को दोबारा मौका दिया गया है।पिछले 35 साल से कस्वां परिवार की गढ़ रही चूरू लोकसभा सीट से इस बार राहुल कस्वां का टिकट काट दिया गया है। माना जा रहा है कि राहुल कस्वां को राजेंद्र राठौड़ की हार का खामियाजा भुगतना पड़ा है।
