Chandigarh Mayor Election 2024: लोक सभा चुनाव नजदीक हैं और सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी घमासान की बिसात बिछ चुकी है। पहला मुकाबला चंडीगढ़ मेयर चुनाव के बहाने हो रहा है। यहां इंडिया गठबंधन और बीजेपी के बीच पहला चुनावी मुकाबला होने जा रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के साथ आने से इस मुकाबले से बीजेपी के खिलाफ 2024 के लोकसभा चुनावों सहित भविष्य के चुनावों के लिए माहौल तैयार होने की उम्मीद है। यहां दोनों गठबंधनों की अग्निपरीक्षा होगी। इसीलिए इस मुकाबले पर सियासी दिग्गजों की भी निगाहें हैं।
इंडिया ब्लॉक की बीजेपी को चुनौती
यह पहली बार होगा जब इंडिया ब्लॉक सीधे तौर पर बीजेपी को चुनौती दे रहा है। लोकसभा चुनावों में बीजेपी से मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों ने इंडिया ब्लॉक का गठन किया है। चंडीगढ़ में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव गुरुवार (18 जनवरी) को होने हैं। सोमवार को आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने इस केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव के लिए गठबंधन बनाया।
किसके कितने पार्षद
गठबंधन समझौते के अनुसार, आप मेयर की सीट के लिए चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस वरिष्ठ डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद के लिए मुकाबले में उतरेगी। आप के एक पार्षद के पाला बदलने के बाद 35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी के पास 14 सीटें हो गई हैं। आप के पास 13 पार्षद हैं, कांग्रेस के पास सात और शिरोमणि अकाली दल के पास एक पार्षद है। मेयर का चयन पार्षदों द्वारा गुप्त मतदान के जरिए किया जाएगा और इस बार मेयर का पद एससी उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है। मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए बीजेपी के उम्मीदवार मनोज सोनकर, कुलजीत संधू और राजिंदर शर्मा हैं।
राघव चड्ढा का दावा
आप नेता राघव चड्ढा ने कहा है कि यह पहली बार होगा जब लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया ब्लॉक सीधे तौर पर बीजेपी को चुनौती देगा। चड्ढा ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव बीजेपी और इंडिया ब्लॉक के बीच पहला बड़ा मुकाबला होगा। यह 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए माहौल तैयार करेगा। इंडिया अलायंस चंडीगढ़ मेयर का चुनाव अपनी पूरी ताकत से लड़ेगा और ऐतिहासिक और निर्णायक जीत दर्ज करेगा। इसे सामान्य चुनाव न समझें। यह एक ऐसा चुनाव होगा जहां पहली बार भारत बनाम बीजेपी होगा। बाद में इस चुनाव में स्कोरकार्ड इंडिया 1, बीजेपी 0 होगा। हमें लगता है कि 18 जनवरी को क्लीन स्वीप लोकसभा चुनाव 2024 की शुरुआत होगी।
कौन-कौन उम्मीदवार
समझौते के अनुसार, आप उम्मीदवार कुलदीप कुमार टीटा मेयर की सीट के लिए चुनाव लड़ेंगे, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह गब्बी और निर्मला देवी वरिष्ठ डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद के लिए मुकाबले में उतरेंगे। इससे पहले कांग्रेस ने वार्ड नंबर-24 से अपने पार्षद जसबीर सिंह बंटी को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया था। पार्षद गुरप्रीत सिंह गबी और निर्मला देवी को वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर पद के लिए उम्मीदवार बनाया था। आप ने मेयर सीट के लिए वार्ड नंबर-26 से कुलदीप कुमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। जबकि वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पदों के लिए पार्षद नेहा मुसावत और पूनम संदीप कुमार को उम्मीदवार बनाया है। ये चुनाव इस मायने में अहम हैं क्योंकि लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी के खिलाफ इंडिया गुट की अग्निपरीक्षा साबित होगा।
