By elections 2023 : कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों के साथ 10 मई को चार राज्यों में भी उपचुनाव होंगे। पंजाब में जालंधर लोकसभा सीट, उत्तर प्रदेश की स्वार, छानबे विधानसभा सीट, ओडिशा और मेघालय में विधानसभा की एक-एक सीट पर भी उपचुनाव होंगे। इन सभी सीटों के चुनाव नतीजे 13 मई को आएंगे। बता दें कि राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। चौधरी के निधन के बाद रिक्त हुई इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
कांग्रेस का गढ़ माना जाता है जालंधर
जालंधर सीट पर कांग्रेस का दबदबा रहा है। बीते चार चुनावों में इस सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है। शिरोमणि अकाली दल और AAP के लिए यह सीट कठिन चुनौती बनी हुई है। सीट पर कांग्रेस, आप, शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी की प्रतिष्ठा दांव पर है। इस सीट पर कांग्रेस ने करमजीत को टिकट दिया है। केजरीवाल की पार्टी से सुशील रिंकू उम्मीदवार हैं। शिरोमणि अकाली दल से सुखविंदर और भारतीय जनता पार्टी की ओर से इकबाल सिंह उम्मीदवार हैं। इस सीट पर जीत दर्ज करने के लिए सभी दलों के बड़े नेता चुनाव प्रचार में जुटे थे।
यूपी के स्वार एवं छानबे सीट पर उपचुनाव
पिछले विधानसभा चुनाव में रामपुर की स्वार सीट पर आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम समाजवादी पार्टी के टिकट पर विजयी हुए थे। इस सीट पर उन्होंने अपना दाल (सोनेलाल) के हैदर अली खान को हराया था। यह सीट सपा नेता आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम खां की विधानसभा सदस्यता रद्द होने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर भाजपा एवं अपना दल (एस) गठबंधन के प्रत्याशी शफीक अहमद अंसारी हैं जबकि सपा से अनुराधा चौहान मैदान में हैं। इस सीट पर बसपा और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। सपा ने करीब 21 साल बाद यहां गैर-मुस्लिम उम्मीदवार उतारा है।
मिर्जापुर की छानबे सीट पर कड़ा मुकाबला
मिर्जापुर की छानबे विधानसभा सीट पर बुधवार को उपचुनाव होगा। छानबे सीट पर भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस) ने अपना उम्मीदवार उतारा है। यह सीट विधायक राहुल कोल के निधन से खाली हुई। अपना दल (एस) ने दिवंगत विधायक राहुल की पत्नी रिंकी कोल को उम्मीदवार बनाया है।
जबकि सपा ने पिंकी कोल को टिकट दिया है। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और उनके पति एवं प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल वहां लगातार डेरा जमाए हुए हैं।
ओडिशा-मेघालय की एक-एक सीट पर चुनाव
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास की हत्या के बाद ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। बीजेडी ने इस सीट पर उनकी बेटी दीपाली दास को टिकट दिया। भाजपा से तन्खादर त्रिपाठी और कांग्रेस से तरुण पांडेय चुनाव मैदान में हैं। जबकि मेघालय की सोहियोंग विधानसभा सीट पर उपचुनाव एच डोनकुपर रॉय लिंगदोह के निधन के कारण हो रहा है। यहां यूडीपी से सिंशार लिंगदोह मैदान में हैं।
