Filmy Actors in Lok Sabha Election 2024: राजनीति में ग्लैमर का तड़का नई बात नहीं है। कभी राजनीति इन्हें लुभाती है तो कभी खुद ये सियासी पारी की चाहत लिए पार्टियों का दामन थाम लेते हैं। लेकिन वास्तविकता यह भी है कि राजनीति में कदम रखने वाले ज्यादातर ये फिल्मी सितारे अपनी लंबी पारी नहीं खेल पाते। रुपहले परदे पर चमक बिखेरने वाला इन हस्तियों की चमक सियासत में फीकी पड़ जाती है। लोकसभा चुनाव 2024 में भी कई सितारे अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा और टीएमसी में इनकी जमघट ज्यादा है। बंगाल से लेकर केरल और उत्तर भारत में इनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। मौजूदा चुनाव में इनकी किस्मत कितना साथ देती है, यह चार जून को पता चलेगा।
कंगना रनौत
बॉलीवुड की 'क्वीन' कंगना रनौत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ रही है। वह हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से उम्मीदवार हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह से है। विक्रमादित्य पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और मंडी सीट से सांसद रहीं प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। इस सीट पर मुकाबला काफी कड़ा माना जा रहा है। कंगना रनौत ने अपने चुनाव प्रचार में विकास के मुद्दे पर जोर दिया जबकि विक्रमादित्य कंगना पर निजी हमले किए।
पवन सिंह
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के 'पावर स्टार' कहे जाने वाले पवन सिंह भी अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। वह बिहार की काराकाट सीट से निर्दलीय चनाव लड़ रहे हैं। भाजपा उम्मीदवारों की जो पहली लिस्ट आई उसमें पवन सिंह का नाम था। भाजपा ने उन्हें बंगाल की आसनसोल सीट से टिकट दिया था लेकिन टीएमसी के विरोध के बाद भोजपुरी गायक ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। बाद में पवन सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा। इस सीट पर उनका मुकाबला एनडीए के प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा से है।
अरुण गोविल
रामानंद सागर के 'रामायण' सीरियल में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल भाजपा के टिकट पर मेरठ से मैदान में हैं। मेरठ में पहले चरण में मतदान हुआ। इस सीट पर अरुण गोविल का मुकाबला समाजवादी पार्टी की उम्मदीवार सुनीता वर्मा से है। इस सीट पर भी कांटे की टक्कर मानी जा रही है। इस सीट पर सपा ने दो बार अपने उम्मीदवार बदले।
शत्रुघ्न सिन्हा
तृणमूल कांग्रेस ने एक बार फिर शत्रुघ्न सिन्हा पर भरोसा जताते हुए आसनसोल से टिकट दिया है। इस सीट पर सिन्हा का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार एवं स्थानीय नेता एसएस अहलूवालिया से है। इस सीट पर बिहार एवं यूपी के वोटर बड़ी संख्या में हैं। भाजपा ने पहले यहां भोजपुरी स्टार पवन सिंह को टिकट दिया था लेकिन बाद में उसने अहलूवालिया को टिकट दिया।
