भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपनी पांचवीं उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में 5 नए उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी ने बसिरहाट उत्तर, बिष्णुपुर (SC) और बेहाला पूर्व विधानसभा क्षेत्रों में पहले घोषित उम्मीदवारों को बदलकर नए नामों की घोषणा की है।
भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पांचवीं सूची में जिन लोगों को टिकट दिया गया है उनमें कृष्णानगर उत्तर से तारकनाथ चटर्जी, कल्याणी (SC)से अनुपम विश्वास, दम दम उत्तर से सौरभ सिकदार, मध्यमग्राम से अनिंद्य राजू बनर्जी और उलबेरिया पूर्व से रुद्रप्रसाद बनर्जी को टिकट दिया गया है।
सौरभ सिकदार, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ पार्टी नेता तपन सिकदार के भतीजे हैं। वहीं, अनिंद्य राजू बनर्जी 2021 के विधानसभा चुनाव में कमरहाटी से पराजित हुए थे और पिछले तीन वर्षों से राजनीतिक गतिविधियों में कम सक्रिय थे। नए राज्य अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य के नियुक्त होने के बाद वे दोबारा सक्रिय हुए।
तीन सीटों पर उम्मीदवार बदले
इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के लगातार विरोध के बीच बीजेपी ने तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार भी बदले हैं। इन सीटों में बेहाला पूर्व, बसीरहाट उत्तर और बिष्णुपुर (SC) शामिल हैं। यहां बेहाला पूर्व में सुनील महाराज की जगह शंकर सिकदार, बसीरहाट उत्तर में नारायण चंद्र मंडल की जगह कौशिक सिद्धार्थ और बिष्णुपुर (SC) में पूर्व उम्मीदवार की जगह अभिजीत सरदार को टिकट दिया गया है। इस नई सूची के साथ बीजेपी अब तक 294 में से 292 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

भाजपा ने बंगाल के लिए जारी की पांचवीं सूची।
भाजपा द्वारा पहले से घोषित उम्मीदवारों को बदलने का कदम संकेत देता है कि पार्टी ग्राउंड रिपोर्ट, स्थानीय समीकरण, और टिकट बंटवारे पर आंतरिक फीडबैक पर लगातार ध्यान दे रही है।
बंगाल में कब होगा मतदान?
सनद रहे कि चुनाव आयोग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव संपन्न होंगे। पहले चरण की 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल को, जबकि 142 सीटों के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं, वोटों की गिनती 4 मई की जाएगी।
