Gujarat Election Result 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजे और रूझान एक नए इतिहास का संकेत दे रहे हैं। भाजपा 150 से ज्यादा सीटें जीतती हुई नजर आ रही है। ताजा रुझान के अनुसार 182 में से 158 सीटों पर आगे चल रही है। अगर यह रुझान नतीजे में बदलते हैं, तो यह ऐतिहासिक जीत होगी। क्योंकि 1962 में गुजरात राज्य के अस्तित्व में आने के बाद से किसी राजनीतिक दल ने 150 सीटों का आंकड़ा नहीं छुआ था। भाजपा रुझानों के अनुसार 85 फीसदी सीटें जीतते हुए दिख रही है। ऐसा पहली बार होगा।
माधव सिंह सोलंकी के पास है रिकॉर्ड
गुजरात में सबसे ज्यादा सीट जीतने का रिकॉर्ड कांग्रेस के पास है। उसने 1985 में माधव सिंह सोलंकी के नेतृत्व में 149 सीटें जीती थी। उस वक्त माधव सिंह सोलंकी ने KHAM पॉलिटिक्स के जरिए यह रिकॉर्ड बनाया था। असल में KHAM पॉलिटिक्स का ही असर था कि कांग्रेस को गुजरात में 1980 में 51.04 फीसदी वोट मिले और उसकी सीटों की संख्या 141 हो गई थी। उसके बाद इंदिरा गांधी की हत्या के साये में हुए 1985 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर KHAM राजनीति ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो पिछले 37 साल से बरकार है। इन चुनावों में कांग्रेस को 55.55 फीसदी वोट मिले और उसकी सीटों की संख्या रिकॉर्ड 149 पर पहुंच गई।
2002 भाजपा ने जीती थी सबसे ज्यादा सीटें
अगर भाजपा के रिकॉर्ड को देखा जाय तो भले ही वह 27 साल से सत्ता पर काबिज है, लेकिन कभी वह 127 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाई थी। भाजपा ने सबसे अच्छा प्रदर्शन 2002 के चुनाव में किया था। उस साल उसे 127 सीटें मिली थी। इसीलिए इस बार भाजपा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 150 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा था। और रूझानों के अनुसार वह उस लक्ष्य को पाने के करीब है।
