Bihar Assembly Election 2025: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को मुजफ्फरपुर से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की। अपनी इस शुरुआत में ही उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। राहुल ने पीएम मोदी 'वोट के लिए कुछ भी करने' का आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि 'आप यदि अपने वोटों के बदले नरेंद्र मोदी से डांस करने के लिए कहें तो वह मंच पर ही डांस करने लगेंगे।' कांग्रेस नेता के इस बयान के बाद पूरी भाजपा उन पर हमलावर हो गई। भाजपा के नेताओं ने उन पर हमला बोलना शुरू कर दिया।
राहुल मोटरसाइकिल पर डांस कर रहे थे-गिरिराज सिंह
राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि 'वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांदी मोटरसाइकिल पर डांस कर रहे थे। वह किसके साथ नाच रहे थे, यह भी उन्हें पता है। राहुल गांधी के परिवार में डांस करने की प्रवृत्ति है। बिहार के लोग उन्हें करारा जवाब देंगे।'
वोट के लिए किसी भी स्तर पर जा सकते हैं राहुल-शाहनवाज
वहीं, भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वोट के लिए राहुल गांधी किसी भी स्तर पर जा सकते हैं। वह पाकिस्तान कीवकालत कर सकते हैं और 'ऑपरेशन सिंदूर' को झूठा भी बता सकते हैं। वोट की लालच में वह घुसपैठियों का समर्थन और देश के प्रधानमंत्री का अपमान भी कर सकते हैं।
राहुल की टिप्पणी से लोग गुस्से में हैं-सुधांशु
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने मोदी की छठ पूजा के प्रति श्रद्धा को ‘ड्रामा’ कहने के लिए गांधी की निंदा करते हुए कहा कि बिहार की जनता ‘बिहार की संस्कृति और आस्था के प्रतीक छठ महापर्व के अपमान’ के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की करारी हार सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा, ‘छठ पूजा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत लोगों की इस छठ महापर्व में आस्था को लेकर उन्होंने (गांधी) अपनी टिप्पणी में जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है, वह निंदनीय है। बिहार के लोग स्तब्ध और गुस्से में हैं।’
'छठ पूजा के प्रति राहुल के ‘घृणा ’ को दर्शाता है'
भाजपा नेताओं की यह टिप्पणी राहुल गांधी के उस बयान में बाद आयी जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि यदि मतदाता कहें तो वह (प्रधानमंत्री मोदी) वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं। कांग्रेस नेता गांधी ने बिहार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘अगर मोदी जी ड्रामा करना चाहते हैं, छठ पूजा का ड्रामा करना चाहते हैं, तो पानी आएगा, वीडियो कैमरा आएगा।’ त्रिवेदी ने पलटवार करते हुए कहा कि यह कांग्रेस नेता की हिंदू धर्म और संस्कृति के साथ-साथ बिहार के सबसे बड़े त्योहार और संस्कृति छठ पूजा के प्रति ‘घृणा और तिरस्कार की भावना’ को दर्शाता है।
