इलेक्शन

Bihar Election: बिहार चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, 1500 दावेदारों ने जताई टिकट की दावेदारी

Bihar Election: बिहार कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में बुधवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की ओर से गठित स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। उस बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष बिहार के 19 जिलों के लगभग 1500 टिकट दावेदारों ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।

Image

1500 से अधिक टिकट दावेदारों ने कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष दावेदारी पेश की (फोटो- @INCBihar)

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। सभी दल अपनी-अपनी रणनीति के तहत चुनावी मोर्चा संभालने में जुट गए हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी भी पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतर चुकी है। इसी कड़ी में बुधवार को पटना स्थित सदाकत आश्रम (कांग्रेस प्रदेश कार्यालय) में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बिहार के 19 जिलों से आए करीब 1500 टिकट दावेदारों ने अपनी दावेदारी पेश की।

किनके हाथ में कमान

बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा गठित स्क्रीनिंग कमेटी ने की, जिसमें वरिष्ठ नेता अजय माकन, राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, सांसद परिणीति शिंदे और विधायक कुणाल चौधरी शामिल रहे। इन नेताओं के समक्ष दावेदारों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से टिकट की मांग रखी और अपने पक्ष में राजनीतिक अनुभव, सामाजिक प्रभाव, और स्थानीय समीकरणों का हवाला देते हुए पार्टी से टिकट की उम्मीद जताई। कई ऐसे उम्मीदवार भी इस बैठक में पहुंचे जिन्होंने पहले ही ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से टिकट की दावेदारी की थी। लेकिन वे ऑफलाइन भी स्क्रीनिंग कमेटी के सामने पेश हुए ताकि वे अपने पक्ष को प्रत्यक्ष रूप से मजबूत बना सकें। इस दौरान वर्तमान विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक समेत कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

क्या बोले माकन

बैठक के दौरान अजय माकन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सभी दावेदारों को राहुल गांधी का संदेश भी दिया गया है, जिसमें खासतौर पर वोट के अधिकार को लेकर चिंताओं का उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि जब नागरिकों से उनका वोट छीनने की कोशिश होती है, तो यह सिर्फ एक चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा पर हमला होता है। उन्होंने यह भी बताया कि स्क्रीनिंग प्रक्रिया केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि हर उम्मीदवार के सामाजिक, राजनीतिक और स्थानीय प्रभाव का गंभीर मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि पार्टी मजबूत और जीतने वाले प्रत्याशी मैदान में उतार सके।

कांग्रेस की दो दिवसीय स्क्रीनिंग प्रक्रिया

गौरतलब है कि कांग्रेस ने बिहार में सभी विधानसभा सीटों पर मजबूत दावेदारी के लिए दो दिवसीय स्क्रीनिंग प्रक्रिया की शुरुआत की है। बुधवार को जहां 19 जिलों के उम्मीदवारों की दावेदारी पर विचार हुआ, वहीं गुरुवार को शेष 19 जिलों के उम्मीदवारों की समीक्षा की जाएगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article