कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोपों को लेकर आक्रमक हो रखे हैं। इसी क्रम में अब राहुल गांधी ने उन मतदाताओं से मुलाकात कर चाय पी है, जिनका वोट चुनाव आयोग ने मृत बताकर वोटर लिस्ट से काट दिया है। ये सभी वोटर बिहार के हैं, जहां फिलहाल विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चल रही है। इस मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने उन्हें आश्वासन दिया कि बिहार में 'वोटों की चोरी' वो होने नहीं देंगे और महागठबंधन इसे रोकने की पूरी कोशिश करेगी।
तेजस्वी यादव के निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े हैं मतदाता
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के निर्वाचन क्षेत्र राघोपुर से जुड़े कुछ मतदाताओं ने राहुल गांधी से मुलाकात की। राहुल गांधी ने इस मुलाकात का एक वीडियो ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर साझा करते हुए लिखा, “जीवन में बहुत दिलचस्प अनुभव हुए हैं, लेकिन कभी ‘मृतकों’ के साथ चाय पीने का मौका नहीं मिला था। इस अनोखे अनुभव के लिए, धन्यवाद चुनाव आयोग।”
राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर आरोप
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि वह मतदाताओं को जानकारी देना नहीं चाहता, क्योंकि यदि पूरी जानकारी सामने आ गई तो चुनाव आयोग का पूरा ‘गेम’ खत्म हो जाएगा। उनकी इस बात से यह संकेत मिलता है कि मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में कुछ अनियमितताएं या गलतियां हो सकती हैं, जिनके कारण वास्तविक मतदाता प्रभावित हो रहे हैं।
राजद नेता भी थे मौजूद
इस मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता संजय यादव भी मौजूद थे। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जिन 36 लाख मतदाताओं के स्थानांतरण या हटाए जाने की बात कही जा रही है, वे कौन हैं। इस तरह के बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में बदलाव को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
