इलेक्शन

बिहार चुनाव: ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक, दो दिन में सीट बंटवारे का फॉर्मूला होगा घोषित

बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन में पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के भी शामिल होने की संभावना है।

Image

बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन की मीटिंग खत्म (फाइल फोटो- ANI)

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द होने की संभावना के बीच विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) ने रविवार को सीट बंटवारे पर महत्वपूर्ण चर्चा की। राजद नेता तेजस्वी यादव के आवास पर हुई इस बहुदलीय बैठक में गठबंधन के सभी घटक दल शामिल हुए और यह तय किया गया कि सीट बंटवारे का फॉर्मूला अगले दो दिनों में सार्वजनिक किया जाएगा।

कौन-कौन सी पार्टियां हुईं शामिल

बैठक में कांग्रेस, वाम दलों और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) समेत सभी सहयोगी दलों के नेता शामिल हुए। वीआईपी अध्यक्ष मुकेश सहनी ने बैठक के बाद कहा, “सभी बातें तय हो चुकी हैं, लेकिन फिलहाल मैं विवरण नहीं बता सकता। परसों हम संवाददाता सम्मेलन में पूरी जानकारी साझा करेंगे।”

दो और पार्टियां हो सकती हैं शामिल

राजद महासचिव आलोक मेहता ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि अधिकांश मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और केवल कुछ बिंदुओं को अंतिम रूप देना बाकी है। उन्होंने बताया कि दो दिन बाद गठबंधन सीट बंटवारे का पूरा खाका सार्वजनिक करेगा। गठबंधन में पशुपति कुमार पारस की आरएलजेपी और हेमंत सोरेन की झामुमो के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है।

चुनाव आयोग की तैयारी भी जारी

इस बीच, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग की टीम ने पटना में राजनीतिक दलों से सुझाव लिये और अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। आयोग ने स्पष्ट किया कि बिहार विधानसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया 22 नवंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी, क्योंकि वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल उसी दिन समाप्त हो रहा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article