इलेक्शन

Bihar Election: लाउडस्पीकर नियम तोड़ने पर मनेर में प्रशासन का सख्त एक्शन, राजद की कैंपेन गाड़ी जब्त

बिहार के मनेर विधानसभा क्षेत्र में राजद की कैंपेन गाड़ी को सीज कर लिया गया है। लाउडस्पीकर नियम के उल्लंघन के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। बिहार में आज पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 6 नवंबर को वोटिंग होगी।

Image

मनेर में राजद खी कैंपेन गाड़ी सीज (IANS)

Photo : IANS

Bihar Election 2025: बिहार के मनेर विधानसभा क्षेत्र में राजद के एक चुनाव प्रचार वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया। यह कार्रवाई एसडीओ के आदेश पर की गई, जिसमें कहा गया था कि वाहन ने लाउडस्पीकर इस्तेमाल से जुड़ी अनुमति शर्तों का उल्लंघन किया है। चुनाव प्रचार अपने चरम पर है और हर पार्टी मतदाताओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने में जुटी है। ऐसे में प्रचार वाहनों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। लेकिन इस बीच प्रशासन बार-बार यह साफ कर चुका है कि कोई भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार अनुमति में दिए गए नियमों का उल्लंघन नहीं कर सकता। इसी नियम के तहत मनेर में राजद के इस वाहन पर कार्रवाई हुई है।

मनेर में राजद की कैंपेन गाड़ी क्यों हुई सीज?

सूत्रों के मुताबिक राजद की कैंपेन गाड़ी को लाउडस्पीकर नियम के उल्लंघन के आरोप में सीज किया गया है। घटना ने स्थानीय राजनीतिक माहौल को अचानक गरमा दिया और पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। मनेर विधानसभा क्षेत्र, पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के छह विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। राजनीति में इस सीट की भूमिका निर्णायक रही है, जहां वर्षों से यादव समुदाय का वर्चस्व रहा है। इस जातीय समीकरण के कारण, जिस पार्टी ने यादव वोट बैंक को सफलतापूर्वक साधा, उसकी जीत लगभग सुनिश्चित रही। यही कारण है कि यह सीट लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक मजबूत गढ़ बन चुकी है।

मनेर विधानसभा सीट का चुनावी समीकरण

मनेर के राजनीतिक इतिहास में शुरुआत में कांग्रेस पार्टी ने 7 बार जीत दर्ज की थी, जबकि आरजेडी 5 बार विजयी हुई है। निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी दो बार यहां से बाजी मारी है, लेकिन पिछले एक दशक से यहां राजद का दबदबा कायम है। राजद के मौजूदा विधायक भाई वीरेंद्र इस सीट से लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुके हैं। 2020 विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के निखिल आनंद को 32,917 वोटों के बड़े अंतर से हराया। 2015 में उन्होंने श्रीकांत निराला को 22,828 वोटों से पराजित किया। 2010 में उन्होंने अपनी जीत का सिलसिला शुरू किया था। मनेर की राजनीति में दल-बदल का चलन भी खूब रहा है। यादव परिवार (जिसने कुल आठ बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया है) ने लगभग सभी प्रमुख दलों से चुनाव लड़ा है।

वहीं, दूसरी ओर 6 नवंबर को पहले चरण के मतदान से पहले पटना जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मतदाता जागरूकता बाइक रैली में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article