बिहार में सत्ता का सियासी का महासंग्राम चरम पर पहुंच चुका है..और आर-पार की इसी चुनावी जंग के बीच टाइम्स नाउ नवभारत की 'इलेक्शन यात्रा' 30 अक्टूबर यानी गुरुवार को बिहार के जमुई पहुंची। बता दें कि 11 नवंबर को जमुई में चुनाव होना है। रिजल्ट 14 नवंबर को सामने आएंगे। कैसे हैं यहां के सियासी समीकरण NDA या महागठबंधन के पक्ष में है? जानिए यह सब...
बता दें कि विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच आज पीएम मोदी मुजफ्फरपुर पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने लोगों से एक बार फिर एनडीए सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने छठ पर्व को लेकर कांग्रेस-आरजेडी को निशाने पर लेते हुए कहा कि इन्होंने छठी मैया का अपमान किया है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं बिहार का बहुत बड़ा कर्जदार हूं। पीएम मोदी ने कहा कि हम छठ पर्व के लिए यूनेस्को हेरिटेज टैग प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी की छठी मईया की पूजा को ड्रामा और नौटंकी बताया है। राहुल के आरोपों पर बीजेपी ने निशाना साधा है। बीजेपी का कहना है की राहुल गांधी ने सनातन का अपमान किया है।
बीजेपी नेता दुर्गा केसरी ने कहा कि जब कांग्रेस की सत्ता चली जाती है तो वो बौखला उठती है। हाल ही में क्रांगेस के मंच से पीएम मोदी की मां का अपमान हुआ। राहुल गांधी ने पीएम मोदी का अपमान किया। कांग्रेस ने बिहार की जनता का अपमान किया है।
आरजेडी नेता अशोक कुशवाहा ने कहा कि दिल्ली में तालाब को यमुना नाम दे दिया गया। असम में जहां बीजेपी की सरकार है वहां, लोगों को छठ त्योहार मनाने से रोका गया। क्या ये सनातन का अपमान नहीं है।
जमुई की जनता ने क्या कहा?
छठ त्योहार को लेकर हो रही राजनीतिक बहस पर जमुई की जनता ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। एक शख्स ने कहा कि राहुल गांधी को काफी सोच समझकर भाषण देना चाहिए। राहुल गांधी का कहना है कि पीएम मोदी वोट के लिए डांस भी कर सकते हैं, यह बिल्कुल गलत बयान है। वहीं, एक शख्स ने कहा कि अगर दिल्ली में यमुना साफ हो जाती तो पीएम मोदी जरूर पूजा करने के लिए जाते।
समझें जमुई विधानसभा सीट की राजनीतिक समीकरण
जमुई विधानसभा क्षेत्र, जमुई लोकसभा सीट के छह विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। कांग्रेस पार्टी ने यहां पांच बार जीत हासिल की है, वहीं 1957 में यह सीट CPI के साथ साझा की गई थी, जो वामपंथ की यहां की एकमात्र जीत थी। इसके बाद समाजवादी, जनता पार्टी, जनता दल, जेडीयू और राजद ने बारी-बारी से जीत दर्ज की है।
2020 में पहली बार बीजेपी ने यहां अपना खाता खोला जब उसकी प्रत्याशी श्रेयसी सिंह ने राजद के विजय प्रकाश यादव को 41,049 वोटों से हराया। बता दें कि जमुई की जनसंख्या में अनुसूचित जाति के मतदाता करीब 18.63 प्रतिशत हैं, जबकि मुस्लिम मतदाता 13.6 प्रतिशत. ग्रामीण इलाकों का वर्चस्व है।
