इलेक्शन

Bihar Election: इंटरनेशनल बॉर्डर और अंतरराज्यीय सीमा सील, 1650 कंपनियों की तैनाती; चुनाव से पहले प्रशासन का क्या है प्लान?

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। इस चरण में 122 सीटों पर वोटिंग के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि नेपाल से सटे सात जिलों की अंतरराष्ट्रीय सीमा सील कर दी गई है और अंतरराज्यीय सीमाओं को भी बंद किया जा रहा है। सुरक्षा के लिए 1,650 कंपनियों की तैनाती के साथ घुड़सवार पुलिस दस्ते को भी लगाया गया है।

Image

बिहार चुनाव के दूसरे फेज से पहले सुरक्षा इंतजाम का जायजा ले रहे पुलिस अधिकारी।(फोटो सोर्स: Bihar Police)

Photo : Twitter

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। 122 विधानसभा सीटें पर होने वाले चुनाव के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने रविवार को बताया कि विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सुरक्षा इंतजाम पहले चरण की तुलना में और भी कड़े किए गए हैं। इस चरण में जिन जिलों में मतदान होना है, उनमें कुछ जिले अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे हुए हैं, जबकि कई जिले पड़ोसी राज्यों की सीमाओं से सटे हैं।

नेपाल से सटे सात जिलों की अंतरराष्ट्रीय सीमा सील

डीजीपी ने कहा कि नेपाल से सटे सात जिलों की अंतरराष्ट्रीय सीमा को शनिवार को पूरी तरह सील कर दिया गया, जबकि राज्य की सीमाओं को आज सील किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सीमा क्षेत्रों में चेकपोस्ट बनाए गए हैं और संयुक्त निरीक्षण का काम चल रहा है।

विनय कुमार ने कहा, “दूसरे चरण में 1,650 कंपनियों की तैनाती की जा रही है। इसके अलावा जिन जिलों में मतदान होगा, वहां राज्य पुलिस बलों को भी लगाया जा रहा है। सभी तैयारियां पूरी हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि इस बार घुड़सवार पुलिस दस्ते (Mounted Police Squad) को भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।

पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान

बता दें कि पहले चरण में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर हुई वोटिंग में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। पहले चरण में 2025 Bihar Legislative Assembly election में मतदान प्रतिशत 65.08% दर्ज किया गया, जो राज्य के निर्वाचन इतिहास का अब तक सबसे ऊँचा आंकड़ा है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article