इलेक्शन

'लालू को बुढ़ापे में देखने पड़ रहे ऐसे दिन, घर में ही कौरव पैदा...', शिवराज सिंह चौहान ने तेजस्वी-तेज प्रताप को लेकर क्या कहा?

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण से पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बांका में जनसभा कर एनडीए के समर्थन में माहौल बनाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की जोड़ी “एक और एक ग्यारह” है, जो मिलकर बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाएंगे।

Image

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लालू परिवार पर साधा निशाना(फोटो सोर्स: PTI)

Photo : PTI

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव से पहले रविवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बांका का दौरा किया। जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी एक और एक दो नहीं बल्कि ग्यारह हैं। दोनों मिलकर बिहार को विकास की पटरी पर आगे बढ़ाएंगे। वहीं, उन्होंने महागठबंधन और लालू परिवार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि लालू यादव ने जो कुछ बोया आज वो वही काट रहे हैं। उनके घर में ही महाभारत चल रहा है। परिवार में ही कौरव पैदा हो गया। तेजस्वी का तेज तो तेजप्रताप ने ही खत्म कर दिया है।

'महागठबंधन के आधे नेता जेल में हैं और बाकी बेल पर'

शिवराज चौहान ने आरोप लगाया कि महागठबंधन के आधे नेता जेल में हैं और बाकी बेल पर, क्योंकि उन्होंने बिहार को लूटा है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में ही महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया है और पूरे बिहार में एनडीए के समर्थन की लहर चल रही है।

महिलाओं को मिल रहे 10 हजार तो महागठबंधन को चिंता: शिवराज चौहान

शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा में बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं से भी सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा, “मेरी बहनों, एनडीए सरकार आपकी जिंदगी बदलने का अभियान चला रही है। क्या लालू राज में कभी आपके खाते में पैसा आया था? हमने मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना शुरू की और महिलाओं के खातों में हर महीने राशि भेजी। अब जब बिहार में भी बहनों को 10 हजार रुपये मिल रहे हैं, तो महागठबंधन के नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है।”

रिश्वत नहीं, महिलाओं का हक है: शिवराज चौहान

विपक्षी नेताओं का कहना है कि नीतीश कुमार ने महिलाओं को 10 हजार रुपये के रूप में रिश्वत बांटे हैं। इस पर शिवराज चौहान ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि यह रिश्वत नहीं, बल्कि आधी आबादी का पूरा हक है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता अब विकास, स्थिरता और सुशासन के पक्ष में खड़ी है, और जल्द ही एनडीए सरकार भारी बहुमत से फिर सत्ता में लौटेगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article