इलेक्शन

सांसद शांभवी चौधरी ने दो बार डाला वोट? दोनों हाथों की उंगलियों पर लगी स्याही की क्या है सच्चाई, चुनाव आयोग ने दिया जवाब

Bihar Election 2025: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने वोटिंग के बाद जब उंगली पर स्याही मीडिया को दिखाया तो हंगामा खड़ा हो गया। दरअसल, वीडियो में देखा गया कि शांभवी के दो उंगलियों में स्याही के निशान हैं। इसके बाद यह चर्चा का विषय बन गया कि आखिर ये कैसे हुआ।

Image

सद शांभवी चौधरी ने वोटिंग को लेकर उठे सवाल का EC ने दिया जवाब।(फोटो सोर्स: Congress X handle)

Photo : Twitter

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान हुए। राज्य में पहली बार 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ। पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पहले चरण के चुनाव में कई दिग्गज नेताओं ने वोटिंग की।

हालांकि, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने वोटिंग के बाद जब उंगली पर स्याही मीडिया को दिखाया तो हंगामा खड़ा हो गया। दरअसल, वीडियो में देखा गया कि शांभवी के दो उंगलियों में स्याही के निशान हैं। इसके बाद यह चर्चा का विषय बन गया कि आखिर ये कैसे हुआ।

वायरल वीडियो में क्या दिखाया गया?

वीडियो शुरू होता है और शांभवी अपने पिता के साथ कैमरे की तरफ दाहिने हाथ की उंगली दिखाती है। उस पर मतदान के बाद वाली स्याही लगी थी। उनकी मां उस समय बाएं हाथ की उंगली दिखाती हैं। पांच सेकेंड बात शांभवी दाहिना हाथ नीचे कर लेती हैं और बाएं हाथ की उंगली दिखाती हैं। इस हाथ की पहली उंगली पर भी चुनाव आयोग की स्याही लगी हुई थी।

चुनाव आयोग ने बताई सच्चाई

विपक्ष ने इस चुनाव में गड़बड़ी करार देते हुए चुनाव आयोग पर निशाना साधा। कांग्रेस ने इसे वोट चोरी का मुद्दा बताते हुए उनकी तस्वीर पोस्ट की और कैप्शन में लिखा, 'गजब खेला है।'

इस मामले ने जब तूल पकड़ लिया तो पटना जिला प्रशासन ने X पर इस घटना की सच्चाई बयां की। पटना जिला प्रशासन ने X पर लिखा, सोशल मीडिया पर माननीय सांसद श्रीमती शांभवी के मतदान के पश्चात दोनों अंगुली पर स्याही के निशान लगे होने के संबंध में वीडियो प्रसारित हो रहा है। इस संबंध में 182-बांकीपुर विधान सभा के मतदान केन्द्र सं.-61 संत पॉल्स प्राईमरी स्कूल, बुद्धा कॉलोनी (मुख्य भाग का उत्तरी कमरा) के पीठासीन पदाधिकारी से पृच्छा की गयी। उनके द्वारा स्पष्ट किया गया कि स्याही लगाने वाले मतदान कर्मी के द्वारा भूलवश दाहिने हाथ के अंगुली पर स्याही लगा दिया गया था। पीठासीन पदाधिकारी के हस्तक्षेप के पश्चात बांये हाथ के अंगुली पर भी स्याही लगायी गयी। यह स्पष्ट किया जा रहा है कि माननीय सांसद श्रीमती शाम्भवी ने 182-बांकीपुर विधान सभा के मतदान केन्द्र सं0-61 संत पॉल्स प्राईमरी स्कूल, बुद्धा कॉलोनी (मुख्य भाग का उत्तरी कमरा) के मतदाता सूची क्रमांक 275 पर ही मतदान किया है।

चुनाव आयोग ने इस संबंध में 182-बांकीपुर विधान सभा के मतदान केन्द्र संख्या-61, संत पॉल्स प्राईमरी स्कूल, बुद्धा कॉलोनी (मुख्य भाग का उत्तरी कमरा) के पीठासीन अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा था। पीठासीन पदाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, स्याही लगाने वाले मतदान कर्मी से भूलवश सांसद शांभवी के दाहिने हाथ की अंगुली पर स्याही लगा दी गई थी। चुनाव के नियम के मुताबिक, स्याही बाएं हाथ की तर्जनी पर लगाई जाती है।

मानवीय भूल है, सियासी मुद्दा न बनाएं: शांभवी चौधरी

इस घटना पर शांभवी चौधरी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, वोट डालने के बाद चुनाव कर्मी ने मेरे दाहिने हाथ पर स्याही लगा दी थी. लेकिन प्रिसाइडिंग अफसर ने तुरंत उन्हें टोका और बाएं हाथ की उंगली में स्याही लगाने को कहा. इस वजह से दोनों हाथ की उंगली में स्याही लग गई. वीडियो में भी मैंने कहा है कि गलती से चुनाव कर्मी ने दाहिने हाथ पर स्याही लगा दी। शांभवी ने कहा कि यह एक मानवीय भूल है, जिसे मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article