Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का चुनाव 11 नवंबर को होना है। 122 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए एनडीए और महागठबंधन ने प्रचार-प्रसार में पूरी ताकत झोंक दी है। पीएम मोदी ने आज सीतामढ़ी में चुनावी रैली में हिस्सा लिया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने महागठबंधन खासकर राष्ट्रीय जनता दल को आड़े हाथों लिया।
सीतामढ़ी की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और कहा कि बिहार की जनता अब 'कट्टा सरकार' नहीं चाहती. उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से विपक्षी नेताओं की नींद उड़ चुकी है।
जंगलराज वालों का गाना सुनकर कांप जाएंगे: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि RJD वाले बिहार के बच्चों के लिए क्या करना चाहते हैं, ये इनके नेताओं के चुनाव प्रचार में साफ-साफ दिखता है। आप जरा इन जंगलराज वालों के गाने और इनके नारे सुन लीजिए। आप कांप जाएंगे कि ये क्या सोचते हैं, क्या बोलते हैं। RJD के मंचों पर मासूम बच्चों से कहलवाया जा रहा है कि उन्हें रंगदार बनना है।
मैंने सीता मैया से प्राथना की थी कि फैसला रामलला के पक्ष में आए: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, आज मां सीता की इस पुण्य भूमि पर आया हूं, आपका आशीर्वाद ले रहा हूं, तो इतने उत्साह से भरे लोगों के बीच वो दिन याद आना स्वाभाविक है। मां सीता के आशीर्वाद से ही बिहार विकसित बिहार बनेगा। ये चुनाव तय करेगा कि आने वाले सालों में बिहार के बच्चों का भविष्य क्या होगा, आपकी संतानों का भविष्य क्या होगा। इसलिए ये चुनाव बहुत अहम है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं मन ही मन प्रार्थना कर रहा था कि सीता मैया के आशीर्वाद से फैसला रामलला के पक्ष में ही आए। और जब सीता माता की धरती से प्रार्थना की जाए, वो कभी विफल जाती है क्या? ऐसा ही हुआ, सुप्रीम कोर्ट ने रामलला के पक्ष में ही फैसला दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मां सीता की इस पुण्य भूमि पर मैं आया हूं, ये भी बड़ा सौभाग्य है। मुझे 5-6 साल पहले का आज का ही दिन याद आता है। वो तारीख थी 8 नवंबर, 2019, जब माता सीता की इस धरती पर मैं आया था। और यहां से अगले दिन मुझे पंजाब में करतारपुर साहिब कॉरिडोर के लोकार्पण के लिए निकलना था और अगले ही दिन सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या पर फैसला भी आना था।
बिहार के नौजवानों ने विकास चुना: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने पहले चरण में हुए रिकॉर्ड मतदान का भी जिक्र किया। पहले चरण के मतदान में बिहार ने कमाल कर दिया है। पहले चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है। चारों तरफ ये चर्चा है कि बिहार के नौजवानों ने विकास को चुना है, NDA को चुना है। बिहार की बहनों-बेटियों ने भी NDA की रिकॉर्ड विजय पक्की कर दी है।
