इलेक्शन

Bihar Election 2025: रिजल्ट से पहले ही बढ़ गई भाई वीरेंद्र की टेंशन! पोलिंग बूथ पर हंगामा करने के मामले में हुई FIR, आखिर क्या है पूरा मामला

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के दौरान मनेर सीट से आरजेडी उम्मीदवार भाई वीरेंद्र पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि उन्होंने मनेर के महीनावा बूथ पर सुरक्षाकर्मियों से बहस की और मतदान केंद्र पर हंगामा किया। सुरक्षाकर्मियों ने उनसे मतदाता पर्ची मांगी थी, जिस पर वे नाराज हो गए।

Image

राष्ट्रीय जनता दल उम्मीदवार भाई वीरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज।(फोटो सोर्स: ANI)

Photo : ANI

Bihar Election 2025: राष्ट्रीय जनता दल के नेता और मनेर विधानसभा सीट से महागठबंधन के उम्मीदवार भाई वीरेंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। गुरुवार को चुनाव के दौरान मनेर में पोलिंग बूथ पर हंगामा करने और सुरक्षाकर्मियों से बहस करने के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई हुई है। बता दें कि गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव की पहले फेज की वोटिंग हुई है।

क्या है मामला?

जानकारी के मुताबिक महीनावा बूथ पर भाई वीरेंद्र अपनी पत्नी के साथ वोट देने पहुंचे थे। इसी दौरान यह विवाद हुआ। दरअसल, सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी वोट देने जा रहे मतदाताओं की मतदाता पर्ची जांच रहा था। सुरक्षाकर्मियों ने भाई वीरेंद्र से भी मतदाता पर्ची दिखाने के लिए कहा। इसी पर भाई वीरेंद्र भड़क उठे। भाई वीरेंद्र का आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने उनके समर्थकों को जानबूझकर रोका। इस मामले की शिकायत हम चुनाव आयोग से करेंगे।

बिहार में हुआ रिकॉर्ड मतदान

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड 64.66% वोटिंग हुई। यह राज्य के इतिहास में सबसे ज्यादा है। इससे पहले साल 2000 में 62.57% वोट पड़े थे। 18 जिलों की 121 सीटों पर कुल 3.75 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चरण में 1314 उम्मीदवार मैदान में थे। इस चरण में तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, सम्राट चौधरी, मैथिली ठाकुर और अनंत सिंह समेत 16 मंत्री और बड़े नेता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article