इलेक्शन

Sheikhpura Assembly Election 2025: शेखपुरा से एक बार फिर जीत पाएगी RJD या फिर बदल जाएगा समीकरण; जानें शेखपुरा सीट पर इस बार क्या है हाल

Sheikhpura Assembly Constituency (शेखपुरा विधानसभा सीट): शेखपुरा विधानसभा क्षेत्र, बिहार का सबसे कम जनसंख्या वाला जिला, अरियरी, चेवाड़ा और घाटकुसुंभा प्रखंडों को मिलाकर बना है। 2025 के चुनाव में यहां जेडीयू, राजद और जन सुराज पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। कांग्रेस का कभी यहां मजबूत वर्चस्व रहा, लेकिन 2010 के बाद उसकी पकड़ कमजोर हुई। आइए जानते हैं शेखपुरा सीट का समीकरण।

Image

शेखपुरा में क्या है चुनावी समीकरण

Photo : Times Now Digital

Sheikhpura Assembly Constituency (शेखपुरा विधानसभा सीट): शेखपुरा विधानसभा क्षेत्र में अरियरी, चेवाड़ा और घाटकुसुंभा प्रखंड शामिल हैं। यह जिला वर्ष 1994 में मुंगेर से अलग होकर अस्तित्व में आया था और यह जनसंख्या के हिसाब से बिहार का सबसे छोटा जिला है। उत्तर में नालंदा और पटना, दक्षिण में नवादा और जमुई, पूर्व में लखीसराय तथा पश्चिम में नालंदा और नवादा जिलों से घिरा यह इलाका भौगोलिक रूप से समतल है।

इसबार त्रिकोणीय मुकाबला

बिहार के शेखपुरा जिले की शेखपुरा विधानसभा सीट इस बार फिर से दिलचस्प मुकाबले के लिए तैयार है। इस सीट पर कुल 9 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला जेडीयू, राजद और जन सुराज पार्टी के बीच माना जा रहा है। जेडीयू ने पूर्व विधायक रणधीर कुमार सोनी, राजद ने मौजूदा विधायक विजय यादव, जबकि जनस्वराज पार्टी ने राजेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है।

राजनीति में कांग्रेस का पुराना वर्चस्व

राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो शेखपुरा विधानसभा कभी कांग्रेस का मजबूत गढ़ रही है। अब तक यहां कांग्रेस ने 12 बार जीत दर्ज की है। सीपीआई को 3, जेडीयू को 2 और आरजेडी को 1 बार जीत मिली है। बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह 1957 में इसी सीट से विधायक चुने गए थे। कांग्रेस नेता राजो सिंह उर्फ राजो बाबू लगातार पांच बार (1967-1995) यहां से विधायक रहे, और एक बार निर्दलीय भी जीते। उनके बेटे संजय सिंह और बहू सुनीला देवी भी दो-दो बार विधायक बन चुके हैं। इस तरह राजो सिंह परिवार का 33 सालों तक शेखपुरा सीट पर दबदबा बना रहा। हालांकि 2010 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार सुनीला देवी की हार के बाद पार्टी यहां से कमजोर हो गई।

हाल के चुनावी समीकरण

2020 के विधानसभा चुनाव में शेखपुरा सीट पर आरजेडी उम्मीदवार विजय कुमार यादव ने 6,116 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर जेडीयू के रणधीर कुमार सोनी को हराया था। यह सीट सामान्य (जनरल) श्रेणी की है। इस बार एनडीए ने एक बार फिर रणधीर कुमार सोनी पर भरोसा जताया है, जो दो बार के विधायक रह चुके हैं। राजद ने मौजूदा विधायक विजय यादव को टिकट दिया है, जबकि जनस्वराज पार्टी तीसरी ताकत के रूप में मैदान में है।

शेखपुरा में कब होंगे चुनाव (Sheikhpura Election Date)

नोटिफिकेशन की तारीख10 अक्टूबर 2025
नामांकन की आखिरी तारीख17 अक्टूबर 2025
नामांकन जांच की आखिरी तारीख18 अक्टूबर 2025
नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख20 अक्टूबर 2025
मतदान6 नवंबर 2025
चुनाव नतीजे14 नवंबर 2025

जातीय समीकरण और संभावनाएं

शेखपुरा विधानसभा सीट पर यादव मतदाताओं का दबदबा माना जाता है। उनके बाद कुर्मी और भूमिहार समुदाय की भी अहम भूमिका रहती है। यह सामाजिक समीकरण अक्सर चुनावी परिणामों को निर्णायक रूप से प्रभावित करते हैं। 2025 विधानसभा चुनाव में शेखपुरा में कांटे की टक्कर देखी जा सकती है। एक ओर एनडीए का मजबूत गठबंधन है, जबकि दूसरी ओर महागठबंधन आरजेडी के नेतृत्व में मैदान में है। कांग्रेस अपनी खोई हुई पकड़ वापस पाने की कोशिश में है, वहीं राजद मौजूदा विधायक होने के नाते अपना किला बचाने की जुगत में जुटी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article