इलेक्शन

Bihar Election:'बिहार में अब शहाबुद्दीन जैसे बाहुबली कभी नहीं पैदा हो सकते...', मोतिहारी में बरसे अमित शाह

Bihar Election News: राजद पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि राजद के लोग बिहार में आज भी शहाबुद्दीन का जमाना फिर से लाना चाहते हैं।

Image

अमित शाह ने मोतिहारी जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित किया (फोटो:X)

Bihar Election News: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को मोतिहारी जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। अमित शाह ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि जंगलराज में अपहरण, खून, डकैती-फिरौती करने वाले कभी बिहार का भला नहीं कर सकते हैं।

पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि बिहार में जंगलराज को रोकने का काम पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार की जोड़ी कर सकती है।

राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि अभी दो माह पहले राहुल गांधी ने यात्रा निकाली। यह यात्रा किसानों, युवाओं के लिए नहीं थी, बल्कि घुसपैठियों को बचाने के लिए निकाली गई थी। मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि वे घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं, लेकिन हमारी सरकार ने प्रण लिया है कि देश और बिहार से एक-एक घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा।

राजद पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि राजद के लोग बिहार में आज भी शहाबुद्दीन का जमाना फिर से लाना चाहते हैं। लालू यादव के बेटे ने नारा लगाया, 'शहाबुद्दीन अमर रहे', उनके बेटे को टिकट दी, लेकिन मैं आज बता कर जाता हूं कि लालू यादव आपकी तीन पीढ़ी भी आ जाए तब भी बिहार में शहाबुद्दीन जैसे बाहुबली पैदा नहीं हो सकते।

अमित शाह ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी लालू यादव के कंधों पर सवार होकर बिहार की सत्ता में वापसी करना चाहती है। लेकिन मैं राहुल गांधी को बता देना चाहता हूं कि जिनके कंधों पर आप सवार हैं, वो तो हारेंगे ही, आप भी हारने वाले हैं।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि अभी-अभी पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने 1 करोड़ 41 लाख जीविका दीदियों के बैंक खातों में 10 हजार रुपए डालने का काम किया है। विपक्ष के लोग भ्रम फैला रहे हैं कि हम जीविका दीदियों से ये 10 हजार रुपए वापस ले लेंगे। मैं आज मोतिहारी की जीविका दीदियों से कहकर जाता हूं कि लालू यादव की चार-चार पीढ़ी भी आ जाए, लेकिन आप ये 10 हजार रुपए वापस नहीं ले सकते।

पीएम मोदी का जिक्र करते हुए उन्होंने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 10 साल तक मनमोहन सिंह का शासन रहा, लेकिन वे बिहार में सिर्फ 5 ही बार आए, जबकि पीएम मोदी अपने 10 साल के शासन में बिहार में 55 बार आए हैं। 10 साल में मनमोहन-सोनिया सरकार ने बिहार के लिए सिर्फ 2 लाख, 80 हजार करोड़ रुपए भेजे, जबकि पीएम मोदी ने 10 साल में 18 लाख, 70 हजार करोड़ रुपए भेजने का काम किया है। बिहार में अगली सरकार एनडीए की बनेगी और विकास के पथ पर बिहार आगे बढ़ेगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article