शहर

Rajasthan Weather: कल से बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना

Rajasthan Weather: राजस्थान में कल यानी शनिवार 24 अक्टूबर से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने की संभावना है। इसके प्रभाव में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर में बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं।

Image

राजस्थान में कल से बारिश और ओले गिरने की संभावना

Rajasthan Weather: राजस्थान में अक्टूबर के आखिरी दिनों में भी गर्मी का असर बना हुआ है। पश्चिमी जिलों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जबकि कई शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी शनिवार 24 अक्टूबर से राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव होने की संभावना है। इसके प्रभाव से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर के कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है।

पिछले 24 घंटे में राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को भी धूप और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

जैसलमेर में सबसे ज्यादा गर्मी

कल यानी गुरुवार 22 अक्टूबर को जैसलमेर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बाड़मेर में पारा 38.6 डिग्री और जोधपुर में 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर में देर शाम कुछ इलाकों में बादल छाए और बूंदाबांदी भी हुई। फलोदी के आसपास भी आसमान में बादल नजर आए।

जोधपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में दिन के समय गर्मी से राहत नहीं मिली है।

माउंट आबू सबसे ठंडा

दिन में गर्मी के बीच रात के तापमान में गिरावट से सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। यहां के मशहूर पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री, उदयपुर में 17.4 डिग्री और अजमेर में 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजधानी जयपुर में गुरुवार को आसमान साफ रहा और धूप खिली। यहां अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, उदयपुर में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री रहा।

कल से पश्चिमी राजस्थान में बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ का असर खासकर बीकानेर संभाग के इलाकों में दिखाई दे सकता है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

ऐसे में आने वाले दिनों में राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article