Bengal Chunav 2026: बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद नेता तेजस्वी (Tejashwi Yadav) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भरोसा जताया है कि इस बार भी बंगाल की जनता ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को ही दोबारा सत्ता में लाएगी। तेजस्वी यादव हाल ही में पश्चिम बंगाल के दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात की और उनका मूड समझने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जनता में 'दीदी' यानी ममता बनर्जी के लिए काफी समर्थन देखने को मिला। लोगों का मानना है कि राज्य में विकास और स्थिरता के लिए उनका नेतृत्व जरूरी है।
जनता का समर्थन साफ तौर पर टीएमसी के पक्ष में-तेजस्वी
उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस यानी TMC इस चुनाव में जीत दर्ज करेगी। तेजस्वी यादव के मुताबिक, लोगों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वे ममता बनर्जी को फिर से मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन साफ तौर पर टीएमसी के पक्ष में दिखाई दे रहा है। चुनाव प्रक्रिया की बात करें तो पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण का मतदान पहले ही हो चुका है, जबकि दूसरा और अंतिम चरण 29 अप्रैल को होना है। इस चरण में बड़ी संख्या में सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे, जिनका सभी को इंतजार है।
राजद नेता ने बीजेपी पर भी साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कि 'भाजपा की हार में ही देश की जीत है।' उनका यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। साथ ही, इसे विपक्षी दलों के बीच एकजुटता के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है। साफ शब्दों में कहें तो तेजस्वी यादव का यह बयान पश्चिम बंगाल चुनाव में टीएमसी के लिए समर्थन दिखाता है। अब सबकी नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं, जिससे साफ होगा कि जनता किसे अपना समर्थन देती है।
