इलेक्शन

बंगाल में जांच एजेंसियों पर हमले को लेकर सियासत गरमाई, TMC-BJP आमने-सामने, पीएम मोदी का ममता सरकार पर हल्लाबोल

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 8, 2024, 06:37 AM IST

पीएम मोदी ने दावा किया कि ईडी ने बंगाल में भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में भ्रष्ट टीएमसी नेताओं की ₹3,000 करोड़ की संपत्ति जब्त की है और जिन लोगों ने पैसा दिया है उन्हें वापस करने के तरीकों पर सुझाव लिए जा रहे हैं।

Image

बंगाल में चुनावी घमासान

TMC vs BJP: पश्चिम बंगाल में केंद्रीय जांच एजेंसियों की टीमों पर हमले ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। इसे लेकर अब तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी आमने-सामने हैं। दोनों पार्टियां के बड़े नेता इस मुद्दे पर एक दूसरे को घेरने में जुटे हैं। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर जबरन वसूली करने वालों और भ्रष्ट नेताओं को बचाने का आरोप लगाया। उधर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जांच एजेंसियों पर ठीक ऐसा ही आरोप लगाया। ममता ने कहा कि जांच एजेंसियां केंद्र के हथियार के रूप में काम कर रही हैं।

पीएम ने बोला टीएमसी पर हमला

वहीं, पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी बंगाल में भ्रष्टाचार और हिंसा के लिए मुफ्त लाइसेंस चाहती है। टीएमसी दावा किया कि बीजेपी उसके अहम नेताओं को बाहर रखने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के उपयोग के माध्यम से चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। 2022 के भूपतिनगर विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में छापेमारी के दौरान पूर्वी मिदनापुर जिले में स्थानीय लोगों द्वारा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम पर हमला किए जाने के एक दिन बाद दोतरफा बयानबाजी हुई है।

एनआईए-ईडी टीम पर हुआ हमला

एनआईए ने कहा कि भूपतिनगर में हमले में उसका एक अधिकारी घायल हो गया और एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इस हमले पर ममता बनर्जी ने कहा कि ग्रामीणों ने आत्मरक्षा में काम किया क्योंकि जांच एजेंसी के अधिकारी शनिवार तड़के कई घरों में घुस गए थे। शनिवार की घटना 5 जनवरी को उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पर हुए हमले की तरह थी, जब वे राशन वितरण घोटाले के सिलसिले में टीएमसी नेता शाहजहां शेख के घर की तलाशी लेने गए थे। वहीं, बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी एनआईए टीम पर हमले को लेकर ममता सरकार को घेरा।

पीएम ने कहा, टीएमसी का सिंडिकेट राज कायम

जलपाईगुड़ी के धुपगुड़ी में एक मेगा रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, टीएमसी सरकार बंगाल में लूटपाट और आतंक की खुली छूट चाहती है। अपने जबरन वसूली करने वाले और भ्रष्ट नेताओं को बचाने के लिए टीएमसी यहां आने पर केंद्रीय जांच एजेंसियों पर हमले की साजिश रचती है। उन्होंने कहा कि टीएमसी एक ऐसी पार्टी है जो भारत के संविधान और कानून के शासन का अनादर करती है। बंगाल में टीएमसी का सिंडिकेट राज कायम है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि राज्य में हालात ऐसे हैं कि विभिन्न मामलों में अदालत को हस्तक्षेप करना पड़ रहा है।

गरीबों को पैसा वापस करने की कवायद

पीएम मोदी ने दावा किया कि ईडी ने बंगाल में भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में भ्रष्ट टीएमसी नेताओं की ₹3,000 करोड़ की संपत्ति जब्त की है और जिन लोगों ने पैसा दिया है उन्हें वापस करने के तरीकों पर सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने धुपगुड़ी में सभा से आग्रह किया कि वे इन चुनावों में टीएमसी को सबक सिखाएं ताकि उनके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाए। उन्होंने कहा, मैं आपको गारंटी देता हूं कि भ्रष्ट नेताओं द्वारा लूटा गया पैसा उन गरीब लोगों को वापस दिया जाएगा जिन्हें नौकरी पाने के लिए पैसे देने पड़ते हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article