West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से एक दिन पहले केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने ममता बनर्जी सरकार पर बड़ा हमला बोला। केंद्रीय मंत्री ने टीएमसी सरकार पर कोलकाता मेट्रो परियोजना की मंजूरी देने में विलंब करने और विकास विरोधी होने का आरोप लगाया। वैष्णव ने कहा कि चुनाव बाद राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनेगी। सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'टीएमसी सरकार विकास विरोधी है सरकार है। कोलकाता में चिंगरीघाटा एक जगह है जहां हम कोलकाता मेट्रो के लिए कई वर्षों से एक डायवर्जन बना रहे हैं लेकिन टीएमसी सरकार ने यहां काम करने की मंजूरी नहीं दी है।'
भाजपा सरकार में तेजी से शुरू होगा काम-वैष्णव
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके खिलाफ हम हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट गए। कोर्ट ने कहा कि मेट्रो परियोजना पर काम होना चाहिए। अब चार मई को टीएमसी सरकार चली जाएगी और सत्ता में भाजपा की सरकार आएगी। भाजपा सरकार के बनते ही हम काम पर दोबारा काम तुरंत शुरू करेंगे और इसे आगे बढ़ाएंगे। बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होगा। 23 अप्रैल को पहले चरण के तहत 91.78 प्रतिशत रिकॉर्ड वोटिंग हुई। इस बार राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा और टीएमसी के बीच है।
दूसरे चरण के वोटिंग की सभी तैयारी पूरी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने सोमवार को यह जानकारी दी। अग्रवाल ने संवाददाताओं से कहा कि मतदान के दौरान न तो फर्जी वोटिंग होगी और न ही किसी प्रकार की गड़बड़ी होने दी जाएगी। उन्होंने कहा, "हमने सभी इंतजाम कर लिए हैं। हर संभावित समस्या के समाधान के लिए व्यवस्था की गई है, जिसे समय पर लागू किया जाएगा।"
पहले चरण में शांतिपूर्ण रही वोटिंग
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरे राज्य में एक समान तरीके से संचालित की जा रही है और इसे अलग-अलग चरणों में नहीं देखा जा रहा है। पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस, केंद्रीय बलों, राजनीतिक दलों और मतदाताओं के समन्वित प्रयासों के कारण मतदान शांतिपूर्ण रहा। अग्रवाल ने कहा कि अंतिम चरण के लिए तैयारियों को और मजबूत किया गया है और उन्होंने कई जिलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की है।
