यूपी चुनाव: बनारस के बीजेपी कार्यकर्ताओं से वर्चुअली बातचीत करेंगे पीएम मोदी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 18, 2022, 06:28 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद पहली बार बनारस में बीजेपी कार्यकर्ता के साथ बातचीत करेंगे।

यूपी चुनाव: बनारस के बीजेपी कार्यकर्ताओं से वर्चुअली बातचीत करेंगे पीएम मोदी

वारणसी : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। बीजेपी और सपा एक-दूसरे पर तीखे हमले कर कर रहे हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बीजेपी कार्यकर्ताओं से वर्चुअल बातचीत करेंगे। बीजेपी काशी क्षेत्र यूनिट के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि काशी के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री की बातचीत मंगलवार सुबह 11 बजे नमो ऐप के जरिए होगी। 

बीजेपी कार्यकर्ताओं से बातचीत के लिए अपने सुझाव, विचार, इनपुट और सवाल ऐप के कमेंट सेक्शन में साझा करने को कहा गया है, जिसका जिक्र प्रधानमंत्री बातचीत के दौरान कर सकते हैं। श्रीवास्तव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद यह पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे। यह बातचीत काशी से शुरू होगी।

बातचीत नमो एप के जरिए होने जा रही है, इसलिए कोविड-19 के मद्देनजर किसी भी स्थान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जमा नहीं होना है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के नवीनतम निर्देशों के अनुसार कोई भी सभा आयोजित की जाएगी।

पीएम की अपने संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ यह बातचीत ऐसे समय में होने जा रही है जब आठ विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार है। श्रीवास्तव ने कहा कि उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बारे में खासकर वाराणसी को लेकर ज्यादा उत्सुकता नहीं है, क्योंकि यहां के लोगों ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास देखा है और वे मतदान करते समय इसे ध्यान में रखेंगे।
 

End of Article