Punjab Lok Congress Candidates List: कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। अमरिंदर सिंह ने कहा कि हम पहली सूची में 22 उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं। 22 उम्मीदवारों में से- 2 माझा से, 3 दोआबा से और 17 मालवा क्षेत्र से हैं। दूसरी सूची दो दिन में जारी होने की संभावना है।
वहीं पंजाब के पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह अपनी नवगठित पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के तहत पटियाला से चुनाव लड़ेंगे।
पंजाब में विधानसभा की 117 सीटों के लिए 20 फरवरी को मतदान होगा। इस चुनाव के लिए भाजपा ने लोक कांग्रेस पार्टी सहित अन्य क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन किया है। सूत्रों की मानें तो भाजपा और कैप्टन के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। इस चुनाव में भाजपा 60 से 62 सीट और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की लोक कांग्रेस पार्टी 38 से 40 सीट पर चुनाव लड़ सकती है। गठबंधन में शामिल शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) को 10 से 12 सीटें और लोक इंसाफ पार्टी को 2 से 5 सीटें मिल सकती हैं।
बीजेपी ने भी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 34 प्रत्याशियों के नाम हैं।

