Punjab Election: 117 सीटों के लिए आज डाले जाएंगे वोट, इन प्रमुख चेहरों की साख दांव पर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 20, 2022, 12:06 AM IST

Punjab Key Constituencies: पंजाब में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। उससे पहले आप यहां राज्य की उन चुनिंदा विधानसभा सीटों के बारे में जान सकते हैं, जहां से कई बड़े चेहरे चुनाव लड़ रहे हैं।

Punjab Election: 117 सीटों के लिए आज डाले जाएंगे वोट, इन प्रमुख चेहरों की साख दांव पर

Punjab Key Constituencies:  आज यानी 20 फरवरी को पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मतदान होना जो सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी। यहां हम आपको पंजाब की प्रमुख विधानसभा सीटों के बारे में बताएंगे, जहां से बड़े-बड़े चेहरे चुनाव लड़ रहे हैं और हर किसी की इन सीटों पर नजर है। बीजेपी पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींडसा की शिअद (संयुक्त) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ रही हैं। शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ गठजोड़ किया है।

अमृतसर (पूर्व)

यहां से कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू चुनाव लड़ रहे हैं और उनका सामना शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया से हो रहा है। आप ने इस सीट से जीवन ज्योत कौर को उतारा है जबकि भाजपा ने पूर्व नौकरशाह जगमोहन सिंह राजू को टिकट दिया है।

भोलाथ

कांग्रेस नेता और दो बार के विधायक सुखपाल सिंह खैरा का सामना तीन बार की अकाली विधायक बीबी जागीर कौर, PLC के अमनदीप सिंह और आप के रणजीत सिंह राणा से होगा। 2017 में आप ने इस निर्वाचन क्षेत्र से 8202 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।

भदौर, चमकौर साहिब

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब और आप के गढ़ भदौर से चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी ने दर्शन सिंह शिवजोत को और आप ने डॉ. चरणजीत सिंह को टिकट दिया है। चमकौर साहिब से बसपा के हरमोहन सिंह चुनाव लड़ेंगे। भदौर से पंजाब लोक कांग्रेस ने धर्म सिंह फौजी, आप ने लाभ सिंह उगोके को मैदान में उतारा है जबकि सतनाम सिंह अकाली के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। 2017 में भदौर सीट से आप के पीरमल सिंह धौला ने अकाली के संत बलवीर सिंह घुनस को 20784 मतों के अंतर से हराया था।

धुरी

पंजाब आप अध्यक्ष और पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान धुरी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। मान का सामना कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधायक दलवीर सिंह गोल्डी से होगा। भाजपा ने रणदीप सिंह को मैदान में उतारा है जबकि अकाली के प्रकाश चंद्र गर्ग इस सीट से चुनाव लड़ेंगे।

डेरा बाबा नानक

पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और उनका मुकाबला बीजेपी के कुलदीप सिंह, अकाली के रविकरण सिंह कहलों और आप के गुरदीप सिंह रंधावा से होगा। 2017 में सुखजिंदर सिंह रंधावा ने शिअद के सुच्चा सिंह लंगा को 1194 मतों के अंतर से हराकर सीट जीती थी।

जलालाबाद

इस सीट से अकाली अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल चुनाव लड़ रहे हैं। उनका सामना आप के जगदीप कंबोज और कांग्रेस के फलियां वाला और भाजपा के हरि प्रकाश वर्मा से होगा।

लंबी

इस विधानसभा सीट से अकाली सुप्रीमो प्रकाश सिंह बादल चुनाव लड़ रहे हैं। 11 बार के विधायक और 5 बार के मुख्यमंत्री का सामना कांग्रेस उम्मीदवार जगपाल सिंह अबुलखुराना, बीजेपी के राकेश ढींगरा और आप के गुरमीत सिंह खुदियां से होगा।

मोहाली

यहां से AAP प्रत्याशी कुलवंत सिंह तीन बार के कांग्रेस विधायक बलबीर सिंह, अकाली के परविंदर सिंह सोहाना, भाजपा के संजीव वशिष्ठ और संयुक्त समाज मोर्चा के रवनीत बराड़ से चुनाव लड़ रहे हैं।

मनसा

कांग्रेस ने मनसा सीट से लोकप्रिय पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला को मैदान में उतारा है। गायक का सामना पीएलसी के जीवन दास बावा, शिअद के प्रेम कुमार अरोड़ा और आप के डॉ. विजय सिंगला से होगा। 2017 में मनसा सीट से आप उम्मीदवार नजर सिंह मनशाहिया जीते थे।

पटियाला

चार बार के विधायक और दो बार के पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने परिवार के गढ़ पटियाला से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के विष्णु शर्मा, अकाली के हरपाल जुनेजा और आप के अजितपाल सिंह कोहली से होगा। 

समराला

किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और उनका सामना कांग्रेस उम्मीदवार राजा गिल, भाजपा के रणजीत सिंह गहलेवाल, अकाली दल के परमजीत सिंह ढिल्लों और आप के जगतार सिंह से होगा।

End of Article