सहारनपुर सीट पर हिस्ट्रीशीटर को सपा प्रत्याशी ने बनाया प्रस्तावक, BJP ने अखिलेश पर बोला तीखा हमला 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 29, 2022, 12:05 PM IST

UP assembly Elections 2022: साल 2008 में इदरीस सहारनपुर आकर बस गया और उसने धीरे-धीरे राजनीति में अपनी पकड़ बनानी शुरू कर दी। अब इदरीस मलिक के सिर पर समाजवादी पार्टी की लाल टोपी भी आ चुकी है।

सहारनपुर सीट पर हिस्ट्रीशीटर को सपा प्रत्याशी ने बनाया प्रस्तावक, BJP ने अखिलेश पर बोला तीखा हमला 

लखनऊ : सहारनपुर नगर विधानसभा से सपा प्रत्याशी संजय गर्ग की ओर से कैराना के हिस्ट्रीशीटर इदरीस मलिक को अपना प्रस्तावक बनाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। भाजपा ने कहा है कि सपा ने इदरीस को प्रस्तावक बनाकर यह साबित किया है कि अखिलेश यादव यूपी के साथ-साथ पश्चिमी यूपी में दहशत की राजनीति करना चाहते हैं।  

इदरीस पर दर्ज थे मुकदमे 
हाल-फिलहाल में सहारनपुर में रह रहे इदरीस मलिक पर  राजस्थान के जयपुर में देशद्रोही गतिविधियों में शामिल होने के साथ साथ कई संगीन अपराधिक मुकदमे कैराना में भी दर्ज किए गए थे। इदरीस मलिक की कैराना थाने में जो हिस्ट्रीशीट खोली गई थी उसमें उन्हें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का एजेंट बताया गया था।

गर्ग के नामांकन के समय मौजूद 
साल 2008 में इदरीस सहारनपुर आकर बस गया और उसने धीरे-धीरे राजनीति में अपनी पकड़ बनानी शुरू कर दी। अब इदरीस मलिक के सिर पर समाजवादी पार्टी की लाल टोपी भी आ चुकी है। अभी 5 दिन पहले इदरीस मलिक समाजवादी पार्टी के सहारनपुर सीट से प्रत्याशी संजय गर्ग के साथ उनका नामांकन दाखिल करवाने पहुंचे और उनके प्रस्तावक बने। 

इमरान मसूद ने दिया बयान
नामांकन दाखिल करवाने की फोटो सोशल मीडिया पर खुद संजय गर्ग ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट की। इस पूरे मामले में अभी तक समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी संजय गर्ग का तो कोई बयान नहीं आया लेकिन कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए समाजवादी पार्टी के नेता इमरान मसूद का बयान जरूर सामने आया है। इमरान मसूद ने जो बयान दिया है वह भी काफी चौंकाने वाला है। इमरान मसूद ने इदरीस मलिक का बचाव करते हुए कहा है कि क्या उसको हक नहीं है कि वह किसी का प्रस्तावक बने? मसूद ने कहा कि जहां तक वह जानते हैं कि इदरीस पर जितने भी मामले थे वे सब खत्म हो चुके हैं।

भाजपा ने बोला तीखा हमला
वहीं, इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ. चंद्रमोहन ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला है। डॉ. चंद्रमोहन का कहना है कि पहले दंगाई मोहर्रम अली पप्पू और अब उसके बाद देशद्रोही गतिविधियों में शामिल इदरीस मलिक को सपा ने प्रस्तावक बनाकर ये साबित कर दिया है कि अखिलेश यादव यूपी के साथ-साथ पश्चिमी यूपी में दहशत की राजनीति करना चाहते है क्योंकि उनके डीएनए में दहशत की राजनीति करना है। 

End of Article